दुष्कर्म के विरोध में भतीजी को कुल्हाड़ी से काटा

आबरू बचाने को भागी, लेकिन दरिंदे ने दी दर्दनाक मौत

फतेहपुर।
फतेहपुर जिले में दुष्कर्म के विरोध में भतीजी की गुरुवार देर रात चाचा ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे और आरोपी चाचा को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुल्हाड़ी समेत चाचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक गाजीपुर थाना क्षेत्र निवासी किशोरी कई साल से अपनी बुआ के घर फिरोजाबाद में रहती थी। करीब दस दिन पहले गांव लौटकर आई थी। यहां उसके चाचा रामगोपाल, दादी, भाई रहते हैं। ट्रक चालक भाई महोबा गिट्टी लेने गया था। घर में रात को किशोरी बरामदे में दादी के पास दूसरी चारपाई में लेटी थी।
गुरुवार की रात करीब साढ़े दस बजे शराब के नशे में रामगोपाल घर पहुंचा। उसकी नीयत किशोरी पर खराब हो गई। वह किशोरी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। पड़ोसियों ने बताया कि किशोरी हाथ छुड़ाने के लिए शोर मचा रही थी।
मदद के लिए शोर मचाते हुए घर से कुछ दूर लिंक रोड पर पहुंच गई। तभी रामगोपाल ने पीछे से किशोरी के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला किया। वह लहूलुहान होकर रोड पार खेत किनारे झाड़ियों के पास गिर पड़ी। कुल्हाड़ी से किशोरी पर चाचा ने ताबड़तोड़ वार किए।
चीख सुनकर ग्रामीण पहुंचे और रामगोपाल को पकड़ लिया। सीओ अनिल कुमार ने बताया कि बदनीयत के चलते किशोरी की चाचा ने हत्या की है। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts