दंगा-कर्फ्यू नहीं होगा, विकास करेगी भाजपा : -   योगी
मलियाना में अंबेडकर पार्क में भाजपा प्रत्याशी डा.सोमेन्द्र तोमर के समर्थन में चुनावी सभा को किया संबोधित 
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार में दंगा, कर्फ्यू नहीं, विकास होगा। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकार आती है तो दंगा होता है। भाजपा विकास कराती है। उन्होंने मेरठ की सभा में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मलियाना में अंबेडकर पार्क में भाजपा प्रत्याशी डा.सोमेन्द्र तोमर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने बाबा औघड़नाथ की पावन धरा, 1857 के अमर शहीदों और बाबा साहब को नमन करते हुए कहा कि बाबा साहब ने स्वाधीन भारत की व्यवस्था का संचालन करना बताया। नई किरण दिखाई, नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर का सबसे अधिक सम्मान किया। उनके महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ घोषित किया है। स्मारक बनवाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर ने भारत विभाजन का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि 1947 और 1987 के दंगों को कभी नहीं भूलाया जा सकता। मलियाना कांड को लेकर कहा कि कांग्रेस या समाजवादी पार्टी चाहती तो दंगा नहीं होता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत विरोधी गतिविधियों को सरकार नहीं होने देगी। ऐसे लोगों का काम तमाम किया जाएगा। सपा, कांग्रेस की सरकारें आती थी तो दंगा शुरू हो जाता था। भाजपा ने दंगा मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने का काम किया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश को दंगे की आग में यह पार्टियां झोंकने का काम करती रही हैं। नाम समाजवादी और काम दंगावादी, अब नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। हर बेटी को सुरक्षा, हर किसान को सम्मान सरकार दे रही है। गरीब को राशन, मुफ्त गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन देने का काम सरकार ने किया है।
विकास कार्यों पर उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली से मेरठ आने जाने में चार घंटे का समय लगता था। अब 40 मिनट में सफर हो रहा है। बहुत जल्द रैपिड रेल भी आने वाली है। उन्होंने दो लड़कों की जोड़ी से फिर सावधान रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर भी इसी मेरठ क्षेत्र में है, जहां महात्मा विदुर ने श्राप दिया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के सपनों को साकार करना है और दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त प्रदेश बनाना है। सभा संचालन डा. रवि प्रकाश ने किया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री महेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts