रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को साल में दो बार दी जाती है विटामिन ए की खुराक
Meerut/22 दिसंबर 2021।जनपद में बुधवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह का शुभारंभ हुआ। जनपद में नौ माह से लेकर पांच साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। साल में दो बार दी जाने वाली इस खुराक से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा होता है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रत्येक बुधवार और शनिवार को ही बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी।
जिला महिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम मे डॉक्टर मनीषा अग्रवाल कहा कि छोटे बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाया जाना बच्चों की स्वास्थ्य के मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, उन्होंने 9 माह से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चे के स्वास्थ्य एवं उचित पोषण के लिए उन्हें निशुल्क विटामिन ए की खुराक अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया जनपद में बुधवार को बाल स्वास्थ्य पोषण माह की शुरुआत की गई। ग्राम्य स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम ने अपने-अपने क्षेत्र के बच्चों को दवा पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि विटामिन A वसा में घुलनशील विटामिन है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है तथा कोविड-19 से बचाव में रोग प्रतिरोधक क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए ग्रामीण एवं शहरी सभी क्षेत्रों में सत्रों का आयोजन किया जाएगा जिसमें अभिभावक अपने बच्चों को लाकर विटामिन ए की खुराक पिला सकेंगे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम बताया- बाल पोषण माह के तहत एक माह तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को बच्चों को टीकाकरण केंद्रों पर विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। नौ से बारह माह तक के बच्चों को आधी चम्मच यानि एक एमएल, एक से पांच साल तक के बच्चों को दो एमएल दवा दी जानी है। इसके साथ ही आरएसए सीरप भी छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को हफ्ते में दो बार दिया जाएगा। उन्होंने बताया जिले में करीब 3.45 लाख बच्चों को दवा पिलाए जाने का लक्ष्य है। विटामिन ए से रोग प्रतिरोधक प्रणाली मजबूत होती है। स्किन भी अच्छी रहती है। हड्डियां और घाव भरने में भी मदद करती है। इसके साथ ही बच्चों को कोरोना से बचाव में भी बेहद उपयोगी है।
उन्होंने बताया अभियान 20 जनवरी तक चलेगा। अभियान में यदि कोई क्षेत्र छूट जाता है तो उसके लिए अलग से अभियान चलाकर दवा पिलाने का काम होगा। सभी टीम को निर्देशित किया गया है कि अभियान में कोरोना गाइडलाइन का पालन करें और सेनिटाइजेशन भी करते रहें। एएनएम को निर्देशित किया गया है कि दवा पिलाने के बाद बच्चों के टीकाकरण कार्ड में भी इसको अंकित करें।

No comments:
Post a Comment