देश में कुल मामले 236, टॉप पर महाराष्ट्र
तमिलनाडु में एक ही दिन में 33 नए मामले
नई दिल्ली (एजेंसी)।देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट की रफ्तार ने महज 20 दिनों में ही केंद्र और राज्य सरकारों की नींद उड़ा दी है। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस वैरिएंट के 236 केस मिल चुके हैं। इसमें 65 केसों के साथ महाराष्ट्र पहले और 64 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे स्थान पर है।
देश भर में ओमिक्रॉन वैरिएंट के कुल मामले तेजी से बढ़ते हुए 236 हो गए हैं। इनमें से 104 लोग अब तक रिकवर हो चुके हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने गुरुवार को बताया कि अब तक महाराष्ट्र में 65 केस मिल चुके हैं, जबकि दिल्ली में 64 मामले पाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक दो केस मिल चुके हैं, हालांकि दोनों ही रिकवर हो चुके हैं।
तमिलनाडु में एक ही दिन में ओमिक्रॉन के 33 नए मामले सामने आ गए हैं। अब राज्य में कोरोना के इस नए वैरिएंट से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 34 हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, एम ए सुब्रमण्यम ने इसकी जानकारी दी है।
चुनावी राज्यों में जल्द पूरा करें टीकाकरणः केंद्र
नई दिल्ली। देश में बढ़ते ओमिक्रोन के खतरे को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कई दिशानिर्देश व उपाय दिए हैं। केंद्र ने राज्यों को रात में कर्फ्यू लगाने और बड़ी सभाओं के लिए सख्त नियम सुनिश्चित करने की सलाह दी है। साथ ही केंद्र ने राज्यों को क्रिसमस और नए साल के सेलिब्रेशन पर स्थानीय प्रतिबंधों पर विचार करने को भी कहा है। देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर केंद्र ने इन राज्यों को विशेष दिशानिर्देश जारी करते हुए कहा कि यहां जल्द ही कोरोना का टीकाकरण पूरा किया जाए।
योगी ने दिए सतर्कता के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रिसमस और नव वर्ष के जश्न के मद्देनजर कोरोना संक्रमण के प्रसार को देखते हुए प्रदेश में सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संक्रमण को मात देने के लिए सजगता के साथ सतर्कता जरूरी है। ऐसे में जिला तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी सार्वजनिक स्थान जैसे शॉपिंग मॉल, सिनेमाघर, होटल, कैफे व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अधिक सतर्कता बरतें। क्रिसमस और नव वर्ष के जश्न में आयोजित होने वाली पार्टियों में कोविड प्रोटोकाल, फिजिकल डिस्टेंसिंग और मास्क अनिवार्य होगा। प्रदेश में कोरोना के डेल्टा व ओमिक्रान वैरिएंट को ध्यान में रखते हुए सभी डीएम को अलर्ट जारी किया जा चुका है।

No comments:
Post a Comment