दो की मौत, आधा दर्जन घायल
लुधियाना (एजेंसी)।लुधियाना के पुराने कचहरी परिसर की दूसरी मंजिल में हुए धमाके से सनसनी फैल गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकान भी हिलने लगे। लोग दहशत में बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि धमाके में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। 
विस्फोट इतना जोरदार था कि बिल्डिंग के सभी शीशे टूटकर बिखर गए। विस्फोट सेकंड फ्लोर पर जज स्वेता दास की अदालत के सामने बाथरूम और रिकार्ड रूम के पास हुआ है। जज स्वेता दास छुट्टी पर थी, इसलिए उनकी अदालत में कोई सुनवाई नहीं थी। 



प्रत्यक्षदर्शी सुधीर कुमार का कहना है कि जोरदार धमाका हुआ और अचानक धुआं ही धुआं हो गया।छत पर चारों ओर खून के छींटें बिखरे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। धमाके से इमारत को काफी नुकसान हुआ है। इमारत के काफी हिस्से टूटकर नीचे गिर गए हैं। धमाका कैसे हुआ अभी इसका पता नहीं चल पाया है। फोरेंसिक टीम पहुंच गई है। विस्फोट की जांच चल रही है।

पंजाब सरकार अलर्ट, सीएम मौके पर पहुंचे
लुधियाना। लुधियाना कोर्ट में विस्फोट के बाद पंजाब सरकार अलर्ट हो गई है। घटना के बाद सीएम चरणजीत सिंह चन्नी मौके पर पहुंच गए। सीएम चन्नी ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व ऐसी हरकत कर रहे हैं। सरकार अलर्ट पर है। दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चन्नी ने विस्फोट में घायल हुए लोगों का हालचाल जाना। डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय मौके पर पहुंचे हैं। इस बीच गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से विस्फोट मामले की रिपोर्ट मांगी है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts