कच्छ के विकास में खड़ी रही उनकी सरकारः पीएम मोदी
नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए गुजरात के कच्छ में गुरुद्वारा लखपत साहिब में आयोजित गुरुपरब समारोह को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज हम सभी के श्रद्धेय अटल जी की जन्म जयंती भी है। अटल जी का कच्छ से विशेष स्नेह था। आज वो कच्छ को देखते होंगे तो जहां भी होंगे बहुत खुश होते होंगे। भूकंप के बाद यहां हुए विकास कार्यों में अटल जी और उनकी सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही थी।
पीएम मोेदी ने आगे कहा कि गुरुद्वारा लखपत साहिब समय की हर गति का साक्षी रहा है। आज जब मैं इस पवित्र स्थान से जुड़ रहा हूँ, तो मुझे याद आ रहा है कि अतीत में लखपत साहिब ने कैसे कैसे झंझावातों को देखा है। एक समय ये स्थान दूसरे देशों में जाने के लिए, व्यापार के लिए एक प्रमुख केंद्र होता था।
उन्होंने कहा कि  2001 के भूकम्प के बाद मुझे गुरु कृपा से इस पवित्र स्थान की सेवा करने का सौभाग्य मिला था। गुरु नानकदेव जी का संदेश पूरी दुनिया तक नई ऊर्जा के साथ पहुंचे, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए गए।
गौरतलब है कि हर साल 23 दिसंबर से 25 दिसंबर तक गुजरात के सिख लखपत साहिब गुरुद्वारे में गुरु नानक देव जी का गुरु पर्व मनाते हैं। गुरु नानक देव अपनी यात्रा के दौरान लखपत गुरुद्वारा साहिब में रुके थे। गुरुद्वारा लखपत साहिब में उनकी कुछ वस्तुएं रखी हुई हैं, जिनमें खड़ाऊं, पालकी और पांडुलिपियां शामिल हैं।
गौरतलब है कि, इसी साल 19 नवंबर को गुरु नानक देव जी का 552 वां प्रकाश पर्व मनाया गया था। उनकी ही स्मृति में गुजरात की सिख संगत दिसंबर के महीने में लखपत गुरुद्वारा साहिब में गुरुपर्व मनाती है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts