तुतलाते हुए पुलिस के सामने दी गवाही


पटना। मोकामा थाना क्षेत्र के मोकामा घाट मोहल्ला वार्ड 27 निवासी सनातन पासवान की पुत्री (25) की हत्या का राज मृतका की तीन वर्षीय बेटी अंशु कुमारी ने पुलिस के समक्ष खोल दिया है। तुतलाते हुए पुलिस के समक्ष उसने बताया कि पापा (सन्नी कुमार) व दीदी (मौसी) ने मिलकर मां को मार डाला।
वारदात की प्रत्यक्षदर्शी बच्ची की गवाही ने पुलिस के सारे संदेह व शंकाओं पर विराम लगा दिया है। मृतका के पिता व माता दिल्ली से चल चुके हैं। बुधवार को मोकामाघाट पहुंचने की बात कही गई है। मोकामा थाने के इंस्पेक्टर राजनंदन ने बताया कि विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव मायके के स्वजनों को सौंप दिया गया है। शव का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के एक वर्षीय पुत्र लड्डू कुमार ने मां के शव को मुखाग्नि दी। सन्नी कुमार के बारे में मोहल्लेवासियों ने बताया कि उसने फतुहा की एक लड़की से दूसरी शादी रचा ली थी। उसे साथ लेकर घर भी आ गया था। सौतन को देखकर वर्षा आगबबूला हो गई थी। पति के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। घर में हंगामा हो गया था। दूसरी पत्नी ने जब यह देखा कि सन्नी की पूर्व में शादी हो चुकी है तो वह भी पति पर बरस गई थी। उसने फौरन यहां से निकलकर मायके वापस चली गई। अपने मायके फतुहा थाने में पति के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसमें सन्नी के जेल जाने की बात भी उन्होंने बताई। फिर जेल से जमानत पर आने के लिए उसने दूसरी पत्नी से समझौता किया। एवज में दूसरी पत्नी को मुंह बंद रखने के लिए बतौर मुआवजे मोटी रकम भी अदा की थी। तब जाकर दूसरी पत्नी ने कोर्ट में समझौता पत्र दाखिल किया। तब जाकर उसे जमानत मिली थी।  
पति का रवैया गुजरा नागवार
इसके बावजूद उसने साली (पहली पत्नी की बहन) से ही प्रेम-प्रसंग शुरू कर दिया। अवैध रिश्ता परवान चढ़ने पर साली को शादी करने का झांसा देकर उसे कब्जे में ले लिया था। पति का यह रवैया विवाहिता को नागवार गुजरता था। इस बात को लेकर पति के साथ रिश्ते में तनाव व खटास का जहर घुल रहा था। यही वजह थी कि साली के साथ मिलकर पति ने वर्षा की हत्या करने की साजिश रची। सोमवार की दोपहर दोनों ने मिलकर वर्षा की हत्या कर दी। शव को काठ के बक्से में छिपाकर पति साली के साथ फरार हो गया।
देर शाम मृतका की बेटी ने हत्या की बात पड़ोसियों को बताई। तब किसी पड़ोसी ने मामले की सूचना थाने को दी। सूचना पर थाने के इंस्पेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दलबल के साथ मौके पर जा पहुंचे। छानबीन के बाद शव को बक्से से बरामद किया। थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मायके वालों के आवेदन की प्रतीक्षा की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts