आयुष्मान भारत योजना  के तीन साल पूरा होने पर लाभार्थियों को किया गया सम्मानित

 मेरठ, 23 सितम्बर 2021। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तीन साल पूरा होने पर मुख्य  चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सम्मलेन कक्ष में एक कार्यक्रम का आयोजन  किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले 10 लाभार्थियों को सम्मानित किया। इसके साथ-साथ दो सरकारी मेडिकल कालेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हस्तिनापुर व दो प्राइवेट हॉस्पिटल लोकप्रिय व अस्पनोवा हास्पिटल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने  योजना पर बेहतर कार्य किया है।



  कार्यक्रम का  शुभारंभ सरस्वती पूजा से हुआ। लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि सरकार का हमेशा प्रयास रहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे। आयुष्मान भारत योजना भी उसी का हिस्सा है, जिसमें पात्र  लाभार्थियों को निशुल्क उपचार आसानी से मिल सकें।उन्होंने बताया जब आयुष्मान योजना आरंभ की गयी थी तब किसी ने नहीं सोचा था यह योजना इतनी आगे बढ़ पाएगी। आज यह योजना 50 करोड़ लोगों को आच्छादित कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी योजना तब तक आगे नहीं बढ़ सकती है। जब तक टीम वर्क के रूप में काम न किया जाए । परिणाम सबसे सामने हैं। उन्होंने योजना से जुड़े सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों व कर्मचारी को धन्यवाद दिया।
मुख्य विकास अधिकारी शंशाक चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार कई स्वास्थ्य  योजना को चला रही है। उसमें पूरी तरह पारदर्शिता बरती जा रही है, जिससे प्रत्येक लाभार्थी उसका लाभ उठा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ 23 सितम्बर 2018 में हुआ था। मेरठ में कुल 12.55 लाख लाभार्थी हैं, जिसमें से 2.67 लाख के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। 16154 लाभार्थियों ने विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया है। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बचे हुए लाभार्थियों के जल्दी ही आयुष्मान कार्ड बनवाने का प्रयास किया जाएगा।
योजना की नोडल अधिकारी डा. पूजा शर्मा ने बताया आयुष्मान भारत योजना के सूचीबद्ध चिकित्सालयों की जानकारी टोल फ्री नम्बर 180018004444या  155555 पर कॉल करके प्राप्त की जा सकती है। एंडरॉइड फोन पर उपलब्ध ऐप आयुष्मान सारथी के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया जिले में 62 चिकित्सालय सूचीबद्ध हैं, जिसमें 15 सरकारी व 47 प्राइवेट हैं।



 सम्मान पाकर लाभार्थियों के खिले चेहरे

आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी सांसद के हाथों सम्मान पाकर खुश हुए। उनका कहना था योजना के तहत उन्हें बेहतर उपचार मिला है। उन्होंने इसके लिये सरकार का शुक्रिया अदा किया। शिव शक्ति विहार की भोली देवी की पुत्री साक्षी थैलेसीमिया से पीड़ित है। उसने कहा कि आष्युमान भारत योजना की बदौलत उसकी बेटी जिंदा है। पूठ खास की वरीना ने कहा उसकी बेटी रेशमा थैलेसीमिया से पीडित है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण आयुष्मान कार्ड उसके जीवन में खुशी लेकर आया है। दौलत राम कालोनी निवासी आरती को बुखार आया था। आयुष्मान कार्ड की बदौलत उसे निशुल्क उपचार मिला। उसने कहा कि सरकार की यह योजना संजीवनी बन गयी है। शेरगढ़ी निवासी नरेश ने बताया कि उसकी दोनों आंखों का आपरेशन हुआ है। आयुष्मान कार्ड की बदौलत ही उसे नयी दुनिया मिली है। आंनद ने पुरस्कार ग्रहण करते हुए बताया- उसका एक्सीडेंट हो गया था, ऐसे में आयुष्मान कार्ड की बदौलत वह उपचार करा पाया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts