लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी  ने केंद्रीय शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी घोषित किया है। धर्मेंद्र प्रधान के साथ सात सह प्रभारी भी बनाए गए हैं। इनमें ज्यादातर चेहरे मोदी सरकार में मंत्री हैं। 
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की तरफ से इन सभी नामों की सूची जारी की गयी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को सह प्रभारी बनाया गया है।इनके अलावा केंद्रीय संसदीय कार्य और संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर को सह प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश को लेकर कोई भी चूक नहीं करना चाहती। लिहाजा केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश में अगले साल होने वाले चुनाव की तैयारियों के लिए सभी अनुभवी नेताओं को चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत इन सभी नेताओं का लंबा राजनीतिक अनुभव है। संगठन में काम करने के साथ ही सरकार में काम करने का भी इन नेताओं को अनुभव है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts