मंगलवार को जनपद में 3714 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे स्मार्ट फोन 

बुलंदशहर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए संचालित पोषण अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन देकर स्मार्ट बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार ने स्मार्ट फोन उपलब्ध कराये हैं। इसके लिए एक एप भी तैयार कराया गया है, जिसके माध्यम से सभी काम ऑनलाइन करना संभव हो सकेंगे। जनपद में ऐसा पहली बार होगा कि ग्रामीण अंचलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्मार्ट फोन से उसी जगह से डाटा भी फीड कर सकेंगी। इससे चल रहे काम की जानकारी सीधे विभाग के अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को जनपद में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन बांटे जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हरिओम बाजपेई ने बताया- सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सहूलियत देने और भागदौड़ से बचाने के लिए उन्हें स्मार्ट बनाने की पहल की है। इसके लिए एक एप भी तैयार कराया जा रहा है। इसमें योजना से जुड़ी हर जानकारी व आदेश मिल जाएंगे। पंजीकृत बच्चे, गर्भवती महिलाओं की रिपोर्ट इसी एप पर फीड की जाएगी। प्रतिदिन बच्चों की उपस्थिति के बारे में मोबाइल के माध्यम से ही बताना होगा। इसके अलावा पंजीयन, टीकाकरण व पुष्टाहार वितरण की जानकारी देने के लिए भी कार्यालय नहीं आना होगा। 
उन्होंने बताया जनपद में कुल  3967 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनपर तैनात कुल 3714 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। स्मार्ट फोन मिलने के बाद उनके कामों में बहुत सहूलियत होगी। विशेषज्ञ इसके लिए प्रशिक्षण भी देंगे। 
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सुपरवाइजरों को टैबलेट बांटे जाएंगे। टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन समीक्षा करनी होगी। रिपोर्ट में आवश्यक सुधार भी टैबलेट पर ही हो जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सुपरवाइजरों को इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts