आगरा। आगरा जनपद के डौकी थाना क्षेत्र में सोमवार रात कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में इन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया। यहां तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि चौथे व्यक्ति की हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि सभी ने शराब का सेवन किया था जिसके बाद उनकी मौत हुई है। हालांकि आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाना डौकी क्षेत्र की ग्राम पंचायत कौलारा कला में शराब पीने से सोमवार की रात राधेश्याम (32), अनिल (30) और गया प्रसाद (40) की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति रामवीर की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद विधायक जितेंद्र वर्मा के अलावा पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा। शराब के कारण मौत हुई होगी, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक राधेश्याम आगरा बोदला के रहने वाले थे। कुछ वर्षों से अपनी ससुराल कौलारा कला में रहने लगे थे। अनिल गांव से दूध ले जाकर आगरा में बेचता था। वहीं गया प्रसाद मजदूरी करता था। रामवीर भी मजदूर है। घरवालों के मुताबिक रविवार रात और सोमवार की सुबह चारों ही लोगों ने गांव में ही अवैध रूप से बिकने वाली शराब पी थी। इसके कुछ देर बाद ही चारों की हालत बिगड़ने लगी। पहले गांव के ही एक झोलाछाप को दिखाया। इसके बाद आगरा लेकर भागे। जहां राधेश्याम, अनिल और गया प्रसाद की मौत हो गई। रामवीर आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी भी हालत नाजुक बताई गई है। राधेश्याम का तो परिजनों ने चुपचाप अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि पुलिस ने अनिल और गयाप्रसाद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
No comments:
Post a Comment