नई दिल्ली (एजेंसी)। पिछले दिनों जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण देने व आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में भाजपा नेता अश्विनी उपाध्याय गिरफ्तार समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दिल्ली पुलिस के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। गिरफ्तार किए जाने वालों में उपाध्याय के अलावा विनोद शर्मा, क्रांति, दीपक सिंह, प्रीत और दीपक हैं। गौरतलब है कि अंग्रेजों के जमाने के पुराने कानूनों में बदलाव की मांग को लेकर रविवार को जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण देने व आपत्तिजनक नारे लगाने के मामले में कनाट प्लेस थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। शुरुआत में अज्ञात के खिलाफ के कोरोना महामारी के दौरान सरकारी आदेश का उल्लंघन करने की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदजा किया गया है। प्रदर्शन के बाद इंटरनेट मीडिया में कुछ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उक्त मामले में कार्रवाई की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं का कहना था कि 1860 में बने इंडियन पैनल कोड, 1861 में बने पुलिस एक्ट, 1863 में बने रिलिजियस एंडोनमेंट एक्ट और 1872 में बने एविडेंस एक्ट सहित सभी 222 अंग्रेजी कानूनों को खत्म किया जाए तथा भारत में समान शिक्षा, समान चिकित्सा, समान कर संहिता, समान दंड संहिता, समान श्रम संहिता, समान पुलिस संहिता, समान न्यायिक संहिता, समान नागरिक संहिता, समान धर्मस्थल संहिता और समान जनसंख्या संहिता लागू की जाए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉक्टर आनंद कुमार, वरिष्ठ नौकरशाह आरवीएस मणि, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी, सामाजिक कार्यकर्ता भाई प्रीत सिंह और अनिल चौधरी, कालका पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्र नाथ और महाभारत में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले गजेंद्र चौहान मंच पर उपस्थित थे। उक्त मामले में आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना को पत्र लिखकर बताया है कि वह सुबह 11 बजे मंच पर पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के कारण 12 बजे कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया। उसके बाद वे वहां से चले गए थे। इंटरनेट मीडिया में वायरल वीडियो में एक व्यक्ति आपत्तिजनक भाषण दे रहा है। कपिल मिश्रा ने किया उपाध्याय का समर्थन भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने पूर्व भाजपा प्रवक्ता व सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय का समर्थन किया है। कपिल मिश्रा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि नारे अश्विनी उपाध्याय ने नहीं लगाए, ना उनके मंच से लगे। कहीं दूर सड़क पर कोई क्या कह रहा हैं इसकी जिम्मेदारी अश्विनी उपाध्याय की कैसे और क्यों?
No comments:
Post a Comment