जय श्रीराम और बाबूजी अमर रहे के नारों से गूंजा स्टेडियम
नयी दिल्ली। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार को अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ में उनके आवास,विधान भवन और भाजपा कार्यालय में रखा गया। पीएम मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। वहीं सीएम योगी समेत कई बड़े नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।दोपहर बाद दिवंगत कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ पहुंच गया। अलीगढ के स्टेडियम में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन करने के लियेरखा गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर अलीगढ़ पहुंच गया। यहां स्टेडियम आम लोगों के लिए पार्थिव शरीर रखा गया है। जैसे ही कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर वहां पहुंचा तो स्टेडियम जय श्री राम और बाबूजी अमर रहे के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी ने पुष्प अर्पित किए। बुलंदशहर के नरौरा में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दाह संस्कार के लिए 25 किलो चंदन की लकड़ी की व्यवस्था की गई है। बताया गया है कि चंदन, ढक ,पीपल व आम की लकड़ी का उपयोग किया जाएगा।
11 आचार्य वैदिक रीति रिवाज के साथ कराएंगे कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार
वैदिक रीति रिवाज से अंतिम संस्कार किया जाएगा। आचार्यों में रणधीर शास्त्री, दीपक शास्त्री, आचार्य अविनाश शास्त्री, महेंद्र देव हिमांशु, मवासी सिंह शास्त्री, नरपत सिंह, सुभाष कुमार आर्य, मनोज कुमार शास्त्री, जनेश कुमार, सत्यप्रकाश शामिल रहेंगे। रात में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कुछ अन्य बड़े नेताओं के आने की खबर है।
पार्थिव देह के साथ मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भी
एयर एबुंलेंस आते ही भाजपा नेताओं ने अपने चहेते नेता के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और उसके बाद एक सुसज्जित वाहन में शव को रखवाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भी पार्थिव देह के साथ हैलीकॉप्टर में अलीगढ़ पहुंचे।
रामभक्त और भाजपा के लोग उन्हें सदैव याद रखेंगे:- गोविंदाचार्य
पूर्व भाजपा नेता गोविंदाचार्य ने कहा कि कल्याण सिंह भाजपा के कद्दावर नेता थे। पिछड़े वर्गों को पार्टी से जोडऩे में उनका अहम योगदान था। राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका सर्वविदित है। रामभक्त और भाजपा के लोग उन्हें सदैव याद रखेंगे।
मुरली मनोहर बोले. वो एक राष्ट्रीय नेता थे, उनकी कमी पूरी करना मुश्किल
हिंदुत्व के नायक कल्याण सिंह के निधन पर अलग.अलग दलों के नेताओं ने प्रक्रिया दी और श्रद्घांजलि दी। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि कल्याण सिंह सिर्फ एक जाति के नेता नहीं थे। वो किसानों, पिछड़ों व वंचितों के नेता थे। वह एक राष्ट्रीय नेता थे। यह मेरे लिए एक निजी नुकसान की तरह है। हमने एक साथ लाठी और गोलियों का सामना किया। उनकी कमी को पूरा करना बेहद मुश्किल होगा।
राजस्थान सरकार ने सरकारी अवकाश घोषित किया
राजस्थान सरकार ने राज्य के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित कर दिया है। कल्याण सिंह के निधन पर 22 और 23 अगस्त का प्रदेश में शोक भी घोषित किया गया है। राजस्थान में दो दिन राजकीय शोक के साथ ही सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। एक आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि सम्मान के रूप में राज्य सरकार के सभी कार्यालय और संस्थान 23 अगस्त को बंद रहेंगे। 22 और 23 अगस्त को दो दिनों के लिए राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा
नरौरा घाट पर कल होगा अंतिम संस्कार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा सोमवार को होगी। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ सोमवार दोपहर बाद नरौरा परमाणु केंद्र के पास स्थित गंगाघाट पर किया जाएगा। शनिवार शाम को उनका लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया था।
No comments:
Post a Comment