भाजपा विधायक दल ने धामी को चुना नया नेता
- 11वें मुख्यमंत्री के रूप में आज लेंगे शपथ


देहरादून । पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के 11 वें मुख्यमंत्री होंगे। प्रदेश मुख्यालय में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी को नया नेता चुना गया। धामी, तीरथ सिंह रावत का स्थान लेंगे। वह ऊधमसिंह नगर जिले की खटीमा सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए हैं। वह उत्तराखंड में अब तक के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनेंगे। धामी रविवार को शपथ लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि वह अपने साथ मं‍त्रिमंडल को भी शपथ दिलवाएंगे। राज्यपाल के सचिव ने इसकी पुष्टि की।
शनिवार दोपहर तीन बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगी। धामी के नाम पर रखे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक के लिए विधायक और पार्टी नेता दोपहर 12 बजे से ही जुटना शुरू हो गए थे। कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी प्रदेश कार्यालय में दिखा। नए मुख्यमंत्री को लेकर समर्थक अपने नेताओं के नाम के कयास लगा रहे थे। लगभग पौने तीन बजे केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय मंत्री एनएस तोमर, राष्ट्रीय महासचिव डी पुरंदेश्वरी के साथ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान विधायकों व सांसदों का भाजपा मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मुख्यालय के भीतर केवल विधायकों व पदाधिकारियों को ही प्रवेश दिया जा रहा था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts