मुंबई। पोर्न वीडियोज बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को पहले ही अपने घिरने का अंदाजा हो गया था। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी के डर की वजह से ही राज कुंद्रा ने कुछ दिन पहले अपना फोन बदल लिया था। पूरे मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से एएनआई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मार्च में 9 लोगों को पोर्नोग्राफी रैकेट से जुड़े होने पर अरेस्ट किया गया था। मुंबई पुलिस की ओर से इन गिरफ्तारियों के बाद से ही कुंद्रा को भी डर सताने लगा था और उन्होंने प्लान बी तैयार किया था ताकि जांच की आंच उन तक न आ सके। राज कुंद्रा ने प्लान बी के तहत मार्च में अपना फोन बदल लिया था ताकि डिवाइस से कोई डाटा रिकवर न किया जा सके। एक अधिकारी के हवाले से जब कुंद्रा से जब यह पूछा गया कि उनका पुराना फोन कहां है तो उन्होंने कहा कि मैंने उसे फेंक दिया है। अब पुलिस का मानना है कि उस पुराने फोन में बहुत से सबूत थे, जिसके चलते कुंद्रा ने उसे फेंक दिया था। अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक फाइनेंशियल ऑडिटर की नियुक्ति की है ताकि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के मनी ट्रेल की जांच की जा सके। अपनी जांच में क्राइम ब्रांच ने पाया है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के जॉइन अकाउंट्स से करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शंस हुई हैं। क्राइम ब्रांच को संदेह है कि हॉटशॉट्स और बॉली फेम ऐप्स से हुई कमाई इस खाते में आई थी। इसके अलावा मुंबई पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या ऐप्स से कमाई गई रकम को बिटकॉइन्स में निवेश किया गया था। राज कुंद्रा को 19 जुलाई को 10 अन्य लोगों के साथ पुलिस की ओर से पोर्नोग्राफी तैयार करने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। मुंबई पुलिस ने इस मामले में राज कुंद्रा को मुख्य साजिशकर्ता माना है। कुंद्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 34 और पोर्नोग्राफी दिखाने के आरोप में 292 और 293 के तहत केस दर्ज किया गया है।
No comments:
Post a Comment