रामपुर। जिले में संपत्ति के लालच में जीजा ने अपने ही साले की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक करीब एक करोड़ की संपत्ति का इकलौता वारिस था। पुलिस ने हत्यारोपित जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनुपुरा का मझरा अपलगढ़ की है।
गांव निवासी राम गोपाल की तबीयत खराब रहती है। वह थाना अजीमनगर के ग्राम हशमतगंज उर्फ नगला गणेश में रहने वाले दामाद नंद किशोर और 20 वर्षीय बेटे अर्जुन के साथ दवा लेने मुरादाबाद गए थे। रात आठ बजे दवा लेकर वापस लौटे। रात होने के कारण नंद किशोर ससुराल में ही रुक गया। जीजा और साले दोनों छत पर बैठने चले गए। करीब एक घंटे बाद नंद किशोर नीचे आ गया और नहाने चला गया। अर्जुन काफी देर तक नीचे नहीं आया तो उसके पिता बुलाने छत पर चले गए। वहां बेटा जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। बेटे की हालत देख उनकी चीख निकल गई। परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। रात में ही उसे टांडा में प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताकर भर्ती करने से इन्‍कार कर दिया। इस पर परिजन उसे मुरादाबाद ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बावजूद परिजन टांडा के ही एक और प्राइवेट अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टर ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर गांव पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस गांव पहुंच गई। परिजनों ने दामाद नंद किशोर पर हत्या का आरोप लगाया, जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। टांडा कोतवाली प्रभारी परवेज कुमार ने बताया कि मृतक के गले पर निशान मिले हैं, जिससे उसकी गला दबाकर हत्या की आशंका है। पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts