लखनऊ । कोरोना संक्रमण का खतरा होने के बावजूद महामारी पर आस्था भारी पड़ी। ज्येष्ठ दशहरा के माैके पर प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा और ब्रजघाट समेत तमाम जगहों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। गंगा दशहरा पर रोक बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु ब्रजघाट पहुंच गए। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया। भीड़ का आलम यह था कि घाटों पर पांव रखने की भी जगह नहीं थी। शारीरिक दूरी की जमकर धज्जियां उड़ीं। इतना ही नहीं पार्किंग स्टैंड और हाईवे पर जाम के हालात बने रहे। रविवार को ज्येष्ठ दशहरे पर्व को देखते हुए पूर्व में ही पुलिस-प्रशासन ने ब्रजघाट में इस बार स्नान को पूरी तरह प्रतिबंधित किए जाने की प्लानिंग तैयार की थी। इसके लिए शनिवार को ब्रजघाट में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ ही स्थानीय व्यापारियों, प्रबुद्धजनों आदि की बैठक में रविवार को स्नान पर रोक लगने और बाजार बंद रहने की जानकारी भी दी गई, लेकिन श्रद्धालुओं की रिकार्ड भीड़ वहां नजर आई। घाटों पर पांव तक रखने की जगह नहीं थी। भीड़ का आलम यह था कि लोग अपनी बारी आने के लिए प्रतीक्षा करते नजर आए। इस दौरान शारीरिक दूरी भी धड़ाम हो गई। खास बात यह रही कि घाटों पर पुलिस नजर तो आई, लेकिन उसने श्रद्धालुओं को स्नान ने रोकने की कोशिश नहीं की। हां, मीडियाकर्मियों के कैमरे को देख उन्होंने गंगा आरती मंदिर के लाउडस्पीकर से घाट खाली करने का औपचारिक एलान अवश्य किया और फिर शांत होकर बैठ गए। हाईवे पर जाम के हालात वहीं ब्रजघाट में पार्किंग स्टैंड और हाईवे पर जाम के हालात नजर आए। जबकि गंगा नगरी में श्रद्धालुओं के जन सैलाब को उमड़ा देख स्थानीय व्यापारियों ने भी लाकडाउन और अधिकारियों के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए बाजार खोल दिया। जिससे स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जमकर खरीददारी की। उसके बाद श्रद्धालुओं ने गंगा नगरी में स्थित मंदिरों के दर्शन किए। वहीं मथुरा में यमुना में स्नान करने के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वृंदावन के अलग-अलग घाटों पर श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। मथुरा के विश्राम घाट, जुगल घाट, राधारानी घाट पर बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंचे। मथुरा के मंदिरों में भी धार्मिक आयोजन हुए। भक्तों ने मंदिरों में दर्शन के बाद दान पुण्य किया। मथुरा में गंगा दशहरा का पर्व पुण्य तीर्थ विश्राम घाट पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जुगल घाट और राधारानी घाट पर श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान किया। कोरोना संक्रमण के बीच लोग इन घाटों पर पहुंचे और स्नान किया।
No comments:
Post a Comment