पंजाब की आग को शांत करने में जुटा है गांधी परिवार 

नई दिल्ली | पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद करने वाले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात के बाद बुधवार शाम पार्टी के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाकात एक घंटे तक चली, लेकिन सिद्धू, जिन्होंने प्रियंका गांधी के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट की थी, इस बारे में चुप्पी साधे रहे और न ही कांग्रेस ने कोई आधिकारिक बयान दिया। हालांकि सूत्रों का कहना है कि दोनों गुटों के बीच तनाव को कम करने के लिए समाधान निकाला जा रहा है। सिद्धू से मुलाकात से पहले राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। राहुल गांधी के साथ क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू की मुलाकात पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल के उस बयान के एक दिन बाद हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके और सिद्धू के बीच कोई बैठक निर्धारित नहीं है।
मंगलवार दोपहर राहुल गांधी पत्रकारों से बात करने के लिए अपने घर के बाहर निकले, लेकिन जब उनसे सिद्धू से मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे खारिज कर दिया और कहा उनकी कोई मुलाकात निर्धारित नहीं है।पिछले हफ्ते पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़, वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और सांसद प्रताप सिंह बाजवा और मनीष तिवारी ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी और उन्हें राज्य इकाई में बढ़ रहे अंदरूनी कलह के बाद की स्थिति से अवगत कराया था।
पंजाब में कांग्रेस की कलह दूर करने के प्रयास के तहत राहुल गांधी ने हाल के दिनों में पार्टी के कई नेताओं के साथ मंथन किया था। पार्टी की तीन सदस्यीय समिति ने भी 100 से अधिक नेताओं और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ मंत्रणा की थी। कुछ सप्ताह पहले मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली थी। इन दिनों सिद्धू एक बार फिर से मुख्यमंत्री को घेर रहे हैं। विधायक परगट सिंह और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ अन्य नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
इससे पूर्व सिद्धू ने पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से  मुलाकात की। पंजाब में कांग्रेस के भीतर जारी सियासी हलचल के बीच ये मुलाकात काफी अहम है। बताया जा रहा हैं कि इससे कुछ देर पहले ही प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाई राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद प्रियंका कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिलने पहुंचीं। सोनिया गांधी से मिलने के बाद प्रियंका गांधी एक बार फिर राहुल गांधी से मुलाकात करने पहुंचीं। बीते दिन खबर थी कि सिद्धू की राहुल गांधी, प्रियंका गांधी से मुलाकात हो सकती है। लेकिन  बुधवार को  राहुल, प्रियंका के दफ्तरों की ओर से किसी मीटिंग को नकारा गया था, लेकिन इसके बाद भी प्रियंका और राहुल से सिद्धू की मुलाकात हुई। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts