खैहरा सहित आप के तीन एमएलए कांग्रेस में शामिल


चंडीगढ़। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले वीरवार को पंजाब की राजनीति में बड़ा फेरबदल हुआ। हाईकमान के सामने पेशी से पहले सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने विरोधी और पंजाब एकता पार्टी के प्रधान सुखपाल खैहरा को कांग्रेस पार्टी में शामिल करवा दिया। खैहरा की घर वापसी के बाद यह कैप्टन का बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है। इतना ही नहीं खैहरा के साथ मौड़ से आप के विधायक जगदेव सिंह कमालू और भदौड़ के आप विधायक पिरमल सिंह धौला ने भी सीएम हाउस पहुंचकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
सुखपाल सिंह खैरा की घर वापसी के बाद कैप्टन ने कहा कि तीनों सीनियर नेताओं को पार्टी में शामिल करने को लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रधान सोनिया गांधी की ओर से इजाजत मिल गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पक्की राय है कि सुखपाल खैरा और उनके साथियों के शामिल होने से कांग्रेस पार्टी और मजबूत होगी। वीरवार को चंडीगढ़ में साधारण शिरकत समारोह के दौरान पटियाला से सांसद परनीत कौर भी मौजूद रहीं।
खैहरा कपूरथला के भुलत्थ से विधायक हैं। वह पहले कांग्रेस में थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा। 2017 का चुनाव वे आप की टिकट पर जीते। 2018 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद खैहरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने पंजाब एकता पार्टी बनाई ली थी। 9 मार्च को उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर ईडी द्वारा छापेमारी भी की गई थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts