मेरठ। मात्र 500 रुपये के विवाद में देवर ने अपनी भाभी का गला रेंत दिया। जिससे वह गंभीर रूप ये घायल हो गई। पत्नी पर धारदार हथियार से हमला होते देख बीच-बचाव के लिए आए पति को भी हमलवार देवर ने घायल कर दिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसके गले में 30 टांके आए हैं। घटना थाना ब्रहमपुरी क्षेत्र के माधवपुरम अंबेडकर नगर की है। यहां पर रहने वाली मोनी पत्नी मनोज ने बताया कि उसका देवर सुरेश भी उनके घर के पास ही रहता है। देवर सुरेश ने अपने भाई मनोज से 500 रुपये उधार लिए थे। जिसके बाद वह कई महीने से वापस नहीं लौटा रहा था। मोनी देर शाम अपने देवर से रुपये मांगने गई थी। इस पर देवर ने रुपये देने से मना कर दिया। जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। इसी कहासुनी के बीच उसका देवर घर से धारदार चाकू लेकर आया और उसकी गर्दन पर वार कर दिया। मोनी को बचाने के लिए पति मनोज बीच में आया तो उसको भी देवर ने चाकू मारकर घायल कर दिया। हमला और घटना को अंजाम देकर देवर सुरेश मौके से फरार हो गया। मोनी और उसके पति मनोज ने ब्रह्मपुरी थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। उसके बाद पुलिस ने मोनी को इलाज के लिए प्यारेलाल अस्पताल उपचार के लिए भेजा। उपचार के दौरान घायल मोनी के गले पर 30 टांके आए हैं। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने संबधित थाने पर शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता ने एसएसपी से मदद की गुहार लगाई है पीड़िता का कहना है उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे है और धमकियां दे रहे है। इस वजह से वह अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है।
No comments:
Post a Comment