लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत प्रदेश की स्थिति हर दिन के साथ बेहतर होती जा रही है। बीते 24 घंटों में 02 लाख 66 हजार टेस्ट किए गए। 21 जिलों में संक्रमण का कोई मामला नहीं आया। जबकि 52 जिलों में पाए गए नए केस की संख्या इकाई अंकों में है। वर्तमान में कुल सक्रिय केस घटकर 3,197 रह गए हैं। बीते 24 घंटे में मात्र 173 नए पॉजिटिव केस आये और 348 लोग स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हुए। उत्तर प्रदेश में अब तक 05 करोड़ 68 लाख 07 हज़ार 529 कोविड टेस्ट हो चुके हैं। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि कोविड वैरिएंट की गहन पड़ताल के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग कराई जाए। आज से केजीएमयू लखनऊ में 100 सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग का कार्य प्रारंभ हो रहा है। इसके नतीजे, डेल्टा+ वैरिएंट की आशंका के दृष्टिगत बचाव के लिए जरूरी प्रयास करने में उपयोगी होंगे। मुख्यमंत्री योगी शनिवार को टीम-9 के साथ बैठक कर रहे थे जहां उन्होंने अफसरों के साथ प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कोविड के नित नए वैरिएंट के परीक्षण-अध्ययन के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग की सुविधा को बढ़ाया जाना आवश्यक है। केजीएमयू की तर्ज पर वाराणसी और नोएडा के चिकित्सा संस्थानों में इस संबंध में सुविधाएं बढ़ाई जाएं। आवश्यकतानुसार निजी क्षेत्र से भी सहयोग लिया जाना चाहिए। देश में बीते 24 घंटे में 48698 नए केस-- 1183 मरीजों ने गंवाई जान देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले में लगातार गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में देश में कोविड-19 के एक दिन में 48,698 नए मामले आए और इसी दौरान 1183 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को ये जानकारी दी गई। नए मामलों के बाद से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,01,83,143 हो गई और साप्ताहिक संक्रमण दर गिरकर 2.97 प्रतिशत रह गई है। वहीं 24 घंटे में 1,183 लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,94,493 हो गई।
No comments:
Post a Comment