5388 व्यक्तियों को बांटी गयी मेडिकल किट
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सात दिन में किया 2.76 लाख घरों का भ्रमण
मेरठ, 14 मई 2021। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना की चेन तोड़ने के लिये स्वास्थ्य विभाग ओर से चलाये जा रहे विशेष अभियान में काफी सफलता मिलती दिखाई दे रही है। पिछले सात दिनों में विकास खंड मेरठ, दौराला, रोहटा, सरधना, मवाना, रजपुरा, सरूरपुर, जानी, खरखौदा हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा करीब 2.76 लाख घरों का भ्रमण किया जा चुका है। वहीं इनके द्वारा 5388 मेडिकल किट बंटी गयी हैं। इस दौरान टीमों द्वारा सभी ब्लॉक में एंटीजन व आरटीपीसीआर की जांच की गयी।
डीपीआरओ आलोक सिन्हा ने बताया विशेष अभियान गत पांच मई से आरंभ किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कोविड.19 के प्रति सजगता, संभावित प्रभावितों के चिन्हीकरण तथा लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं आवश्यकता अनुसार औषधि वितरण के साथ साफ सफाई कराना है। उन्होंने बताया सात दिनों में करीब 2.76 लाख घरों को भ्रमण किया गया। इसके लिए एक हजार की आबादी पर एक टीम का गठन किया गया है, जिसमें दो सदस्य हैं। घर-घर भ्रमण में 5867 लोगों में कोरोना के लक्षण पाये गये। इस दौरान 3362 लोगों को होम आइसोलेशन की सलाह दी गयी। इस दौरान 6356 लोगों का कोविड टेस्ट किया गया, जिसमें एंटीजन व आरटीपीसीआर की जांच की गयी। 805 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। उन्होंने बताया टीम के सदस्य घर-घर पहुंच कर कोविड.19 से बचाव के उपाय, रोग के पुराने एवं नए लक्षण के विषय में जन सामान्य को बता रहे हैं। कोविड.-19 के निकटवर्ती जांच एवं उपचार केंद्रों के विषय में जानकारी आशा व आंगनबाड़ी द्वारा दी जा रही है। ग्रामीणों से सोशल डिस्टेंस बनाने व मास्क पहने के साथ -साथ गांव में साफ रखने के लिये कहा जा रहा है।

इन्होंने कहा :-
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे समस्त नागरिकों से अपील की गयी है कि उनके घरों पर आ रही टीमों को वह अपने स्वास्थ्य के संबंध में सही जानकारी दें तथा इस अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाकर कोरोना के बढ़ते प्रभाव को रोकने में सहयोग करें। तभी कोरोना की चेन को तोड़ा जा सकेगा।
No comments:
Post a Comment