कर्नल की पत्नी का शव शमशान ले जाने के लिए 19 हज़ार
पंडित ने भी लिए 7 हज़ार, 40 किमी के 55 हज़ार
नोएडा। कोरोना की आपदा में अपनों को गंवा चुके लोगों को अब दाह संस्कार के नाम पर लूटा जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सेक्टर-37 में प्रकाश में आया है। यहां रहने वाले सेवानिवृत्त कर्नल ने पत्नी के शव को श्मशान ले जाने के एवज में एम्बुलेंस वाले पर 19 हजार रुपए किराया लेने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि एम्बुलेंस कर्मी शव को सेक्टर 71 के श्मशान घाट ले गया था। इस संबंध में सेक्टर 27 आरडब्ल्यूए ने डीएम और थाना सेक्टर 39 पुलिस से शिकायत की ।
सेक्टर-37 के मकान नं0 1328 में 80 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल सोहन सिंह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी जसपाल कौर का निधन हो गया। शव को दाह संस्कार के लिए सेक्टर-71 सर्फाबाद श्मशान घाट पर ले जाने के लिए उन्होंने एंबुलेंस वाले से संपर्क किया। एंबुलेंस चालक बंटी ने शव को श्मशान घाट ले जाने तथा चार कंधा देने के लिए 17 हजार रुपए की मांग की। मजबूर कर्नल सोहन सिंह अपनी पत्नी का शव श्मशान घाट ले गये। लूट खसोट की इंतिहा तब हो गयी।जब श्मशान घाट में मौजूद पंडित अंकुश शर्मा ने भी दाह संस्कार के लिए 7000 रूपये मांगे। किसी तरह 24 हजार रुपए देकर कर्नल सोहन सिंह ने पत्नी का अंतिम संस्कार किया। इसके बाद एंबुलेंस चालक ने उनसे 2 हजार रुपए का खर्च अलग से लिया। इस मामले की जानकारी होने पर सेक्टर-27 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष व फोनरवा के उपाध्यक्ष राजीव गर्ग तथा प्रदीप अग्रवाल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समूचे घटनाक्रम से अवगत कराया तथ दोषियों पर कार्यवाही करने की मांग की। अब इस मामले में आरडब्ल्यूए ने थाना सेक्टर 39 पुलिस से शिकायत की है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
मरीज के परिजनों से 40 किलोमीटर के वसूले थे 55 हजार रुपए, पुलिस ने कराए वापस
राहुल चौधरी ने बीती 24 अप्रैल को नोएडा पुलिस को टैग करते हुए एक ट्वीट किया। ट्वीट में बताया कि उसका भाई बीमार है। वह एक एम्बुलेंस से उसे ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद के एशियन हॉस्पिटल ले गया। जिसकी दूरी करीब 40 किलोमीटर है। इसके एवज में एम्बुलेंस चालक ने उससे करीब 55 हजार रुपए लिए हैं। नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने ट्वीट को संज्ञान में लेकर मामले की जांच ट्रैफिक पुलिस टीआई चन्द्रप्रकाश मिश्र को दी। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर राहुल को एम्बुलेंस चालक से 45 हजार रुपए वापस करा दिए गए। साथ ही पीड़ित को एम्बुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का भी आश्वासन दिया है।
पुलिस ने गठित की टास्क फ़ोर्स
कोरोना मरीजों को अस्पताल या श्मशान घाट तक ले जाने में उनके परिजनों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए हर अस्पताल में एंबुलेंस के लिए तय किए गए रेट डिस्प्ले किए जाएंगे। इसके अलावा वहां पर लोगों की मदद करने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस के अपर आयुक्त के नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। एंबुलेंस चालकों द्वारा मनमर्जी से रेट लेने की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पांच किलोमीटर तक की दूरी के भी 8-10 हजार रुपए वसूल रहे थे। ऐसे में प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा में एंबुलेंस के रेट निर्धारित कर दिए हैं। दूरी के हिसाब से तय इन रेट को हर अस्पताल के गेट पर चस्पा कराया जाएगा। इससे वहां मौजूद एंबुलेंस वाले अधिक रेट नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के अपर आयुक्त के नेतृत्व में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इस टास्क फोर्स के जरिए एंबुलेंस मालिकों के साथ गोष्ठी भी की जाएगी।
डीसीपी ट्रैफिक गणेश पी साहा ने बताया कि कोविड-19 से संबंधित 18 अस्पतालों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है जो एंबुलेंस बुक करने में लोगों की मदद कर रहे हैं। इसके अलावा जिन लोगों को एंबुलेंस चाहिए वे लोग ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर-9971009001 पर 24 घंटे में किसी भी समय फोन कर मदद ले सकते हैं। इसके अलावा किसी एंबुलेंस वाले ने अधिक पैसे लिए हैं तो इस नंबर पर उसकी शिकायत भी कर सकते हैं।
No comments:
Post a Comment