24 घंटे में 16 की मौत, 1199 मिले नए संक्रमित
मेरठ। जिले में कोरोना ने अपने पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। बुधवार को 24 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमण के चलते 16 लोगों की मौत होने के कारण स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। उधर, जांच के दौरान एक बार फिर से 1000 से ज़्यादा नए संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हैरान हैं।
बताते चलें कि पिछले कई दिनों से कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सीएमओ डॉ अखिलेश मोहन ने बताया कि बुधवार को 6401 सैंपल की जांच की गई। जिसमें 1199 मरीज संक्रमित पाए गए। जिसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 18418 पर पहुंच गया है। इनमें 7306 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। सीएमओ ने बताया कि बुधवार को 847 मरीजों को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद जिले के कोविड हॉस्पिटलों से डिस्चार्ज किया गया है। हालांकि दुख भरी बात यह है कि कोरोना काल में पहली बार जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के चलते 16 व्यक्तियों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले के सभी नागरिकों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने और अपनी बारी आने पर वैक्सीन लगवाने की अपील की है।



No comments:
Post a Comment