प्रभारी मंत्री ने दूरभाष पर उपचाराधीनों से वार्ता कर लिया फीडबैक, कहा उपचाराधीनों को मिले अच्छा उपचार, गुणवत्तापरक भोजन व वातावरण

 



कोविड कमांड सेन्टर से कोविड अस्पतालों की मॉनिटरिंग की जाये, भर्ती उपचाराधीनों से प्रतिदिन लें फीडबैक : श्रीकांत शर्मा
 


मेरठ
, 12 मई 2021। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को संज्ञान में लेते हुए बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री व मेरठ के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा अचानक मेरठ पहुंचे। प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेन्टर का निरीक्षण किया और फिर सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की।
श्रीकांत शर्मा ने बुधवार को सबसे पहले मेरठ कलेक्ट्रेट में बनाए गए इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेन्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने फैसिलिटी एलोकेशन सेन्टर में दूरभाष पर उपचाराधीनों से वार्ता कर फीडबैक लिया। उन्होंने होम आइसोलेशन, कंट्रोल रूम, बचत भवन का निरीक्षण कर होम आइसोलेट उपचाराधीनों से निरंतर संपर्क में रहने के निर्देश दिये। वर्तमान में 7306 लोग होम आइसोलेट है।
प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेन्टर का निरीक्षण कर प्रत्येक पटल पर किये जा रहे कार्यों की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उपचाराधीन की सेवा अपने परिवार के सदस्य की तरह करें तथा यह सुनिशिचित करें कि उपचाराधीन को किसी प्रकार की तकलीफ न हो। उन्होंने कहा कि कोविड कमांड सेन्टर से कोविड अस्पतालों की मॉनिटरिंग भी की जाये तथा भर्ती उपचाराधीनों से प्रतिदिन फीडबैक लिया जाये तथा यह सुनिश्चित किया जाये कि उन्हें अच्छा उपचार, गुणवत्तापरक भोजन व अच्छा वातावरण उपलब्ध हो।
श्रीकांत शर्मा ने कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान फैसिलिटी एलोकेशन सेन्टर में नये कोरोना उपचाराधीनों एकता व भूपेन्द्र से दूरभाष पर वार्ता कर फीडबैक लिया तथा कान्ट्रैक्ट ट्रेसिंग हुई अथवा नहीं इसकी जानकारी ली। उपचाराधीनों ने बताया कि कान्ट्रैक्ट ट्रेंसिग करायी जा चुकी है। प्रभारी मंत्री ने उपचाराधीनों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने होम आइसोलेशन के लिए बचत भवन में बनाये गये कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्य कर रहे कर्मियों से पूछा कि उन्हें कोई दिक्कत या परेशानी तो नहीं है, जिस पर कर्मियों ने कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि उपचाराधीनों की सेवा प्रभु सेवा के समान है, इसलिए सभी कर्मी व अधिकारी पूरी गंभीरता, तत्परता व पारदर्शिता से कार्य करें।
 इसके बाद सर्किट हाउस में भाजपा के जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की सुनवाई करने और शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इसी के साथ किसी भी उपचाराधीन को कोई परेशानी न हो इसके लिए स्वास्थ्य व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि वर्तमान में 7306 उपचाराधीन होम आइसोलेट हैं इन सभी को स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवा किट भी उपलब्ध करायी जा रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी के. बालाजी, सिटी मजिस्ट्रेट सत्येन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
 
 
 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts