71 महिलाओं ने ली पहली खुराक, 10 ने कराई नसबंदी


-         माला-एन, छाया और आईयूसीडी पर भी जताया भरोसा


 

हापुड़, 11अप्रैल, 2021। शासन के निर्देश पर जनपद में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस के मौके पर विशेष अंतरा दिवस को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर परिवार नियोजन कार्यक्रम पर महिला डाक्टर के साथ खुलकर बात की और फिर अपनी पसंद के हिसाब से परिवार नियोजन का विकल्प भी चुना। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रेखा शर्मा ने बताया इस विशेष अंतरा दिवस का आयोजन परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने के लिए किया गया। महिलाओं ने इस आयोजन का लाभ भी उठाया। उन्होंने बताया जनपद में 149 महिलाओं ने विशेष अंतरा दिवस के मौके पर परिवार नियोजन के लिए अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन लगवाया। इनमें से73 महिलाएं ऐसी थीं ‌जिन्होंने त्रैमासिक गर्भ निरोधक की पहली खुराक ली।

सीएमओ डा. रेखा शर्मा ने बताया जनपद के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित विशेष अंतरा दिवस के मौके पर10 महिलाओं ने परिवार नियोजन का स्थायी साधन अपनाते हुए नसबंदी कराई। परिवार नियोजन के अस्थाई साधन के रूप में 149 महिलाओं ने अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन लगवाया। इसके अलावा 25 महिलाओं ने आईयूसीडी, 12 महिलाओं ने पीपीआईयूसीडी, 92 महिलाओं ने गर्भनिरोधक गोली माला-एन और88 महिलाओं ने गर्भनिरोधक गोली छाया को अपनाया। अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन लगवाने वाली 73 महिलाओं ने पहली,52 ने दूसरी, 21ने तीसरी और तीन महिलाओं ने चौथी खुराक ली। 
सीएमओ ने बताया अंतरा एक सुरक्षित गर्भ निरोधक इंजेक्शन है। अनचाहे गर्भ से बचने के लिए तीन माह पर केवल एक बार यह इंजेक्शन लगवाना पड़ता है। पहली बार इंजेक्शन डाक्टर की देखरेख में लगाया जाना जरूरी होता है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस के मौके पर विशेष अंतरा दिवस के आयोजन का एक उद्देश्य यह भी था कि सभी केंद्रों पर डाक्टर की मौजूदगी थी। 
अंतरा केयर लाइन पर कराएं पंजीकरण :
अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की पहली खुराक लेने वाली सभी महिलाओं को बतया गया कि वह अंतरा केयर लाइन 1800103-3044 पर कॉल करके अपना पंजीकरण करा लें। यह टोल फ्री सुविधा रोजाना सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक उपलब्ध रहती है। अंतरा केयर लाइन पर महिलाएं हर उस शंका का समाधान कर सकती हैं जिसके बारे में पूछने पर वह संकोच करती हैं। अंतरा केयर लाइन से अगली खुराक की तारीख से पहले रिमाइंडर और समय-समय पर जरूरी अपडेट भी खुद-ब- खुद पंजीकृत नंबर पर मिलते रहते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts