मेरठ। दिल्ली के यूपी बॉर्डर पर कृषि कानून के विरोध में चल रहे किसानों के धरने को सौ दिन पूरे हो गए हैं। उधर पेट्रोल और डीजल के दाम भी आसमान को छू रहे हैं। दोनों ही मामलों का विरोध करते हुए रविवार को समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मेरठ से दिल्ली बॉर्डर तक 'तिरंगा साइकिल यात्रा' निकाली। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि कृषि कानून वापस न लिए जाने और पेट्रोल-डीजल के दाम कम ना होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
सपा नेता पवन गुर्जर के नेतृत्व में मेरठ से दिल्ली के यूपी बॉर्डर तक 'साइकिल तिरंगा यात्रा' निकाली गई। तिरंगा यात्रा में शामिल सपा कार्यकर्ता साइकिल द्वारा मेरठ से गाजियाबाद होते हुए यूपी बॉर्डर पहुंचेंगे। जहां वह किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें समर्थन देंगे। इस दौरान सपा नेता पवन गुर्जर ने केंद्र सरकार पर किसानों और देश की जनता को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों के धरने को दिल्ली में सौ दिन पूरे हो गए हैं। लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही। तमाम विरोध के बावजूद पेट्रोल और डीजल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। जिसके चलते महंगाई के कारण आम नागरिक और किसानों की कमर टूटती जा रही है। पवन गुर्जर ने दावा किया कि जब तक देश के किसानों और आम नागरिकों को इंसाफ नहीं मिलेगा, तब तक समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts