10 से 24 मार्च तक घर-घर ‘दस्तक’ देंगी आशा कार्यकर्ता
नोएडा, 19 फरवरी 2021 । जनपद में एक मार्च से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। 31 मार्च तक चलने वाले इस अभियान की कड़ी में 10 से 24 मार्च तक दस्तक अभियान चलेगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जहां वेक्टर जनित रोगों को खत्म करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे, वहीं दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दस्तक देंगी और वह घरों में मौजूद बुखार पीड़ितों व क्षय रोगियों की सूची तैयार करेंगी, लोगों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित करेंगी। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र पंजीकरण में भी मदद करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दीपक ओहरी ने बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इस अभियान में शामिल सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है, जिसमें शामिल सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां बता दी गयीं हैं। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है, अन्य विभाग अभियान में स्वास्थ्य विभाग की मदद करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान का नोडल अधिकारी राजेश शर्मा (जिला मलेरिया अधिकारी) को बनाया गया है।
अभियान के नोडल अधिकारी डा. राजेश शर्मा ने बताया अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गयीं हैं। इसके लिए जिलाधिकारी सुहास एल.वाई ने आनलाइन बैठक (जूम मीटिंग) कर अभियान में शामिल सभी विभागों को उनके कार्य क्षेत्र एवं जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया है। जिलाधिकारी की ओर से विभागाध्यक्षों को अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया जा चुका है। उन्होंने बताया स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्लाक स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं व एएनएम को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। द्स्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता लक्षणों के आधार पर संभावित क्षय रोगियों का पता लगाएंगी। घर में किसी व्यक्ति में रोग के लक्षण मिलने पर उस घर पर निशान लगा कर उसके बारे में एएनएम के माध्यम से ब्लाक मुख्यालय को जानकारी देंगी। जानकारी के आधार पर जांच कराकर क्षय रोगी का निशुल्क उपचार कराया जाएगा। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संवेदीकरण एवं सर्वेक्षण का कार्य भी करेंगी। जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से छूट गये शिशुओं/व्यक्तियों के पंजीकरण की कार्यवाही करेंगी। दिमागी बुखार से दिव्यांग हुए लोगों की सूची भी तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौपेंगी। अभियान में उन बच्चों पर भी नजर रखी जाएगी जिन्हें पोषण की जरूरत है। आशा कार्यकर्ता लोगों को मच्छर जनित रोगों (मलेरिया, डेंगू- चिकनगुनिया) के बारे में जानकारी देकर उन्हें इससे बचने के तरीके भी बताएंगी।
मलेरिया अधिकारी ने बताया अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में काम कर रहा है और अन्य सभी विभाग मिलकर काम करेंगे, जिसके तहत ग्राम प्रधान स्वास्थ्य स्वच्छता समिति की बैठक कर अभियान के बारे में लोगों को विस्तार से बताएंगे। गाँव में झाड़ियों की सफाई, तालाबों के किनारों की सफाई व अन्य सार्वजानिक स्थलों की सफाई करवाना और गाँव में ऐसे हैण्डपंप जिनका पानी पीने योग्य नहीं है, उन पर लाल निशान लगाकर उन्हें चिन्हित करना तथा लोगों को बताना कि अब इसका पानी उपयोग करने के लायक नहीं है, आदि काम का ज़िम्मा ग्राम प्रधान का रहेगा। ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी, ग्रामवासियोँ के साथ साथ साफ सफाई की प्रतिज्ञा, गांव में छोटी-छोटी बैठक कर लोगों को संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के बारे में बताने का काम पंचायती राज विभाग का होगा। शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल के बच्चों को जागरूक किया जाएगा और संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जागरूकता के लिए गांव में रैली निकाली जाएगी। अभियान के दौरान एंटी लार्वा का छिड़काव मलेरिया विभाग द्वारा किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment