- संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए जरूरी है साफ-सफाई
- यह मौसम संचारी रोगों के लिए भी अनुकूल होता है
हापुड़, 19 फरवरी, 2021। मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। यह मौसम मच्छरों के पनपने के लिए काफी अनुकूल होता है, और यही कारण है कि यह मौसम संचारी रोगों के लिए भी अनुकूल होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. रेखा शर्मा ने बताया संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए शासन से एक से 31 मार्च तक जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के दौरान लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जाएगा और साथ मच्छरों की रोकथाम के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) सतेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान में शामिल सभी विभागों की बैठक जिलाधिकारी ने शनिवार को बुलाई है।
डीएमओ ने बताया कि अभियान का माइक्रोप्लान तैयार करके अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान 10 से 24 मार्च तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों के प्रति संवेदीकरण का काम करेंगी। घर-घर भ्रमण के दौरान क्षय रोग के लक्षणों की जानकारी भी दी जाएगी और यदि किसी घर में क्षय रोग के लक्षण मिलते हैं तो वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर उपचार शुरू कराया जाएगा। डीएमओ ने बताया संवेदीकरण के लिए अन्य विभागों से भी मदद ली जाएगी।
गृह भ्रमण के दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के संबंध में भी जानकारी जुटाएंगी। इस दौरान संचारी रोगों के लक्षणों बारे में जानकारी देते हुए लक्षण आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में दिखाने की सलाह दी जाएगी। अभियान के दौरान नगर निकायों की मदद से साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए नाले-नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने बताया साफ-सफाई के सहारे वेक्टर जनित बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। इस संबंध में जागरूकता के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए ध्यान रखें कि घर के आसपास कहीं पानी का जमाव न हो।
No comments:
Post a Comment