मेरठ। उत्तराखंड त्रासदी के बाद तपोवन में लापता हुए मेरठ निवासी 10 व्यक्तियों के घरों में अब खुशी का माहौल है। दरअसल, तपोवन से आए एक फोन के बाद सभी 10 व्यक्तियों के सुरक्षित होने की सूचना मिली है। जिसके बाद परिवार के लोग क्षेत्र में मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। तपोवन में फंसे मेरठ निवासी सभी व्यक्तियों के बृहस्पतिवार की सुबह तक लौटने की संभावना है। बताते चलें मवाना रोड खटकाना पुल निवासी सौरभ प्रजापति जिओ कंपनी के टावर लगाने का काम करते हैं। सौरभ के 10 कर्मचारी चार फरवरी को टावर लगाने जोशीमठ गए थे। इसी बीच उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने के बाद हुई घटना के दौरान सभी 10 कर्मचारी लापता हो गए। यह सभी कर्मचारी खटकाना पुल और आसपास के इलाकों के रहने वाले थे। जिसके बाद दो दिन से लापता व्यक्तियों के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ था। मगर इसी दौरान जोशीमठ में गए बालक राम ने अपने परिवार के लोगों को फोन किया। बालक राम ने बताया कि वह और उसके अन्य सभी साथी सही सलामत हैं और फिलहाल ऊंचाई पर रुके हुए हैं। बालक राम ने बताया कि पिछले दो दिन से वह लोग भूखे हैं। पहाड़ों पर फंसे बालक राम ने अपने परिवार के लोगों से कहा कि वह उत्तराखंड सरकार से उनकी मदद की गुहार लगाएं। जिसके बाद परिवार के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जिओ कंपनी के ठेकेदार सौरभ प्रजापति ने उत्तराखंड के अधिकारियों से बातचीत की। जिसके बाद फिलहाल पहाड़ों पर फंसे सभी सभी लोगों को हेलीपैड पर लाया गया है। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार तक उनके परिवार के लोग उनके बीच होंगे। अपनों के वापस लौटने की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है। परिजन क्षेत्र में मिठाई बांट कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। इसी के साथ टकटकी बांधे अपने बिछड़े परिजनों के लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment