स्नातक के लिए 77 और शिक्षक के लिए 30 बूथ
मेरठ। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक चुनाव के लिए कल यानी 1 दिसंबर 2020 को वोट डाले जाएंगे। जिसके लिए विक्टोरिया पार्क से आज पोलिंग पार्टी रवाना हुई। जनपद मेरठ में स्नातक के लिए 77 व शिक्षक के लिए 30 बूथ बनाए गए हैं। जिस पर 107 पोलिंग पार्टियां विक्टोरिया पार्क से रवाना हुई। एक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी व 3 मतदान अधिकारी हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए प्रेक्षक-शिक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह आईएएस व जिलाधिकारी के बालाजी ने पोलिंग पार्टी रवाना स्थल विक्टोरिया पार्क का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी के बालाजी ने बताया कि मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन के लिए मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी नौ जनपदों में मिलाकर 113 मतदान केन्द्र व 372 मतदेय स्थल (सहायक बूथ सहित) बनाये गये हैं। मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी नौ जनपदों में मिलाकर 111 मतदान केन्द्र व 116 मतदेय स्थल (सहायक बूथ सहित) बनाये गये हैं। मेरठ में स्नातक के लिए 77 बूथ व 31 मतदान केन्द्र तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 30 बूथ व 30 मतदान केन्द्र हैं।जिलाधिकारी के0 बालाजी ने बताया कि मतदान 1 दिसम्बर 2020 को प्रातः 8.00 बजे से शाम 5.00 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि स्नातक के लिए 30 व शिक्षक निर्वाचन के लिए 15 प्रत्याशी चुनाव लड रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतपत्र में नोटा का विकल्प नहीं होगा तथा प्रथम वरीयता देना मतदाता को आवश्यक होगा। स्नातक के लिए सफेद व शिक्षक के लिए गुलाबी बैलेट पेपर होगा।
जिलाधिकारी के0 बालाजी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन के लिए मेरठ में 60235 व शिक्षक निर्वाचन के लिए 5465 मतदाता है। उन्होंने बताया कि मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी नौ जनपदों में मिलाकर स्नातक के लिए 297367 व शिक्षक के लिए 32867 मतदाता है। उन्होंने बताया कि मतगणना 03 दिसम्बर 2020 को होगी।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मदन सिंह गब्याल, एडीएम सिटी अजय तिवारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment