कोरोना से पीडि़त होने का शोर, जांच के लिए पहुंची टीम
न्यूज प्रहरी24 /सहारनपुर/
कोरोना को लेकर अफवाहों का दौर भी शुरू हो चुका है। जैन बाग में कंबोडिया से आए युवक के कोरोना पीडित होने की अफवाह फैला दी गई। इससे हडक़ंप मच गया। युवक के कंबोडिया लौटने के बाद मोहल्ले में दवा का छिडक़ाव कराया गया। युवक के पद चिन्हों तक पर दवा छिडक़वाई गई।
सहारनपुर में जैन बाग क्षेत्र के वीर नगर निवासी विनोद कुमार का बेटा मोहित ठक्कर अपनी बुआ के बेटे के साथ व्यापार करता है। व्यापार के सिलसिले में उसका कंबोडिया आना -जाना लगा रहता है। होली मनाने के लिए वह सात मार्च को सहारनपुर आया था। होली मनाने के बाद रविवार 15 मार्च को कंबोडिया लौट गया। 16 मार्च को किसी ने अफवाह फैला दी कि मोहित ठक्कर कोरोना से इफेक्टेड है। कुछ ही देर में नगर निगम के कर्मचारी दवा का छिडक़ाव करने मोहल्ले में पहुंच गए। नालियों और सडक़ों पर दवा का छिडक़ाव किया गया। जहां से मोहित गुजरा था, वहां तक लोगों ने दवा का छिडक़ाव कराया।
उधर, इस सबसे मोहित के पिता विनोद कुमार व्यथित नजर आए। उनका कहना है कि मोहित पूरी तरह स्वस्थ है, वह हर 15-20 दिन में कंबोडिया जाता रहता है। विनोद कुमार ने यह स्वीकार किया कि 15 मार्च को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि मोहित पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने मोहित को लेकर लोगों के रवैये पर हैरानी व्यक्त की।
नोडल अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि मोहित कंबोडिया से आया था और वापस चला भी गया। उसे किसी प्रकार की तकलीफ नहीं है। वह पूरी तरह स्वस्थ है। विभाग की टीम ने एहतियातन मामले की पूरी जानकारी जुटा ली थी।
No comments:
Post a Comment