मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को मेरठ के हर बूथ पर लगा विशेष कैंप
डीएम डॉ. वीके सिंह ने सलावा और दादरी के बूथों का किया निरीक्षण, बोले- कोई पात्र मतदाता नाम जुड़वाने से न रहे वंचित
मेरठ। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए शनिवार को जनपद के सभी बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित अभियान के तहत मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने और उससे संबंधित सहायता उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने सरधना विकासखंड के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सलावा-1 और उच्च प्राथमिक विद्यालय दादरी स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यवाही पूरी की जाए। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से नहीं छूटना चाहिए। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फॉर्म-6 भरकर जुड़वाएं नाम
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैंप में पहुंचकर अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की पुष्टि कर लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और इसके लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है।
अधिकारी और बीएलओ रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विजय वर्धन तोमर, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर सहित संबंधित अधिकारी, बीएलओ और आमजन मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment