सुभारती में विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बताए बचाव, स्क्रीनिंग और शीघ्र पहचान के उपाय
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग एवं महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम: एचपीवी टीकाकरण की भूमिका’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। फैकल्टी ऑफ एजुकेशन के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, बचाव, समय पर पहचान और एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष एवं महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की सचिव डॉ. मंजू अधिकारी के नेतृत्व में किया गया। विशेषज्ञ वक्ता स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्मृति गुप्ता ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, जोखिम कारकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर स्क्रीनिंग, बीमारी की शीघ्र पहचान और एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एचपीवी संक्रमण और टीकाकरण से जुड़े विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए तथा प्रमाणित स्वास्थ्य जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
व्याख्यान में मेडिकल और नॉन-मेडिकल विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने भी विशेषज्ञ से संवाद किया। प्रतिभागियों को निवारक स्वास्थ्य देखभाल अपनाने और समय रहते आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय प्रशासन का सहयोग रहा। आयोजकों ने कुलपति प्रो. (डॉ.) वीके मित्तल, सीईओ प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) कृष्ण मूर्ति और डीन, फैकल्टी ऑफ एजुकेशन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment