दोस्त के विवाद में नितिन की हत्या, जांघ में लगीं दो गोलियां

रास्ते को लेकर प्रिंस और मिट्ठू में हुआ था विवाद; पुलिस की मौजूदगी में समझौते के बावजूद घेरकर फायरिंग, छह हमलावरों की तलाश

मेरठ। बहसूमा के माननगर निवासी 22 वर्षीय नितिन की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास दो बाइक पर सवार करीब छह युवकों ने नितिन और उसके दोस्त प्रिंस को घेरकर फायरिंग कर दी। इस दौरान दो गोलियां नितिन की जांघ में लगीं। गंभीर रूप से घायल नितिन ने मेरठ के गंगानगर स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।

दो दिन पहले हुआ था विवाद

बताया गया है कि दो दिन पहले नितिन के दोस्त प्रिंस का कॉलोनी निवासी मिट्ठू से रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष जीआईसी चौराहे पर बांग्ला एकेडमी के पास आमने-सामने आ गए। यहां दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट हुई।

विवाद की जानकारी परिवारों तक पहुंची तो दोनों पक्ष थाने पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। इसके बाद युवकों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। हालांकि, समझौते के बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

दौड़ लगाने के बाद लौट रहे थे दोनों

शुक्रवार शाम प्रिंस अपने दोस्त नितिन के साथ मध्य गंगनहर किनारे दौड़ लगाने गया था। दौड़ लगाने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। बाइक प्रिंस चला रहा था और नितिन पीछे बैठा था। जैसे ही वे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, दो बाइक पर सवार करीब छह युवकों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में दो गोलियां नितिन की जांघ में लगीं। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रिंस ने तत्काल पुलिस और नितिन के परिजनों को घटना की सूचना दी।

सीएचसी से मेरठ के निजी अस्पताल ले गए

पुलिस ने घायल नितिन को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन बेहतर उपचार के लिए उसे मेरठ के गंगानगर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

नितिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक वह परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से पिता का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

एसपी देहात और सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

हत्या की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts