Monday, 24 August 2026

विधायक की बेटी ने महिला SI को जड़ा थप्पड़, पुलिसकर्मी ने भी दिया जवाब; FIR दर्ज

 


विधायक की बेटी ने महिला SI को जड़ा थप्पड़, पुलिसकर्मी ने भी दिया जवाब; FIR दर्ज

मांड्या, 25 अगस्त। कर्नाटक के मांड्या जिले के श्रीरंगपट्टनम स्थित आरती उक्कडा (मारम्मा) मंदिर में भीमा अमावस्या के दौरान वीआईपी दर्शन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि तुमकुरु ग्रामीण विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या ने ड्यूटी पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर सविता बी. पाटिल को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला एसआई ने भी जवाब में ऐश्वर्या को थप्पड़ मार दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

बताया गया कि 12 अगस्त को भीमा अमावस्या के अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक की बेटी ऐश्वर्या दर्शन के लिए पहुंचीं। आरोप है कि वह कतार में इंतजार किए बिना गर्भगृह में जाना चाहती थीं। ड्यूटी पर तैनात एसआई सविता पाटिल ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर ऐश्वर्या ने कथित तौर पर महिला पुलिसकर्मी के गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सविता ने भी जवाब में ऐश्वर्या को थप्पड़ मारा। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया।

सरकारी काम में बाधा और धमकी का आरोप

महिला एसआई की शिकायत पर ऐश्वर्या के खिलाफ क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऐश्वर्या ने खुद को विधायक की बेटी बताते हुए पुलिसकर्मी से सवाल-जवाब किए, गाली-गलौज की और नौकरी खराब करने की धमकी दी। पुलिस ने सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने, चोट पहुंचाने, अपमान और धमकी से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

विधायक ने मांगी माफी

मामले में विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बच्चों के साथ मंदिर गई थी और उसने गर्भगृह में जाने की अनुमति मांगी थी। विधायक का दावा है कि एक अन्य अधिकारी को अंदर जाने दिया गया, जबकि उनकी बेटी को रोका गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी पूरा वीडियो नहीं देखा है, लेकिन यदि उनकी बेटी की गलती है तो वह माफी मांगते हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment