डिग्विजय भाटी केस: मानवाधिकार आयोग ने DGP को कार्रवाई के निर्देश
मेरठ। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर की शिकायत पर उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग ने मेरठ में डिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ कथित पुलिस मारपीट एवं दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस महानिदेशक (DGP), उत्तर प्रदेश को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसकी प्रति यूपी के DGP को भेजी है। साथ ही मामले में कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमिताभ ठाकुर ने 21 अगस्त 2026 को आयोग में शिकायत दाखिल की थी। इसमें 19 अगस्त को मेरठ SSP कार्यालय पहुंचे डिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ कथित मारपीट एवं दुर्व्यवहार का आरोप लगाया गया था। शिकायत में डिग्विजय भाटी द्वारा पुलिस हिरासत में मारपीट कर चोट पहुंचाने के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की गई थी।
डिग्विजय भाटी ने पुलिस पर SSP कार्यालय के अंदर ही मारपीट करने और चोट पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में मानवाधिकार आयोग के निर्देश के बाद अब पुलिस स्तर पर कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि वह मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस महानिदेशक के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई है।


No comments:
Post a Comment