हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या CCTV में कैद

जिम से निकलते ही चार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या का एक मिनट छह सेकेंड का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में जिम से बाहर निकलने से लेकर चार हमलावरों द्वारा घेरकर गोलीबारी करने और मौके से फरार होने तक की पूरी वारदात कैद है। पुलिस ने फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया है और हमलावरों की पहचान के लिए शहर में लगे 800 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

फुटेज के अनुसार अंकित जिम से निकलकर अपनी कार के पास पहुंचे और बैग कार में रखने के बाद दूसरी तरफ से बैठने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चार हमलावर पैदल उनकी ओर आए और उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के दौरान करीब 25 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

लोगों में मची भगदड़

वारदात के समय घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। CCTV में लोग जान बचाकर भागते दिखाई दे रहे हैं। कुछ दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर बंद कर दिए। पुलिस अब हमलावरों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

दो बाइक पर चार संदिग्ध कैमरे में कैद

पुलिस को नाला पटरी के पास लगे CCTV कैमरों में दो बाइक पर चार संदिग्ध युवक घटना स्थल की ओर जाते दिखाई दिए हैं। कुछ बाइक की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं है। पुलिस नाला पटरी के अलावा फव्वारा चौक, मिल रोड, करन रोड और बुढ़ाना रोड समेत प्रमुख मार्गों पर लगे 800 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

गोगी गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी का दावा

सोशल मीडिया पर गोगी गैंग से जुड़े भोलू शाहपुरिया के नाम से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित उनके दुश्मनों के संपर्क में थे। हालांकि, पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की तकनीकी जांच कर रही है और इसकी सत्यता की पुष्टि की जा रही है।

एसपी एनपी सिंह के अनुसार हत्याकांड के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

50 से अधिक मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम अकाउंट जांच के घेरे में

जांच के दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के 50 से अधिक मोबाइल नंबर और इंस्टाग्राम अकाउंट पुलिस के रडार पर हैं। इनमें वे लोग शामिल हैं, जिनसे अंकित ने घटना से पहले करीब एक सप्ताह में फोन या सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया था। एक महिला कलाकार की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अंकित की हत्या के बाद हरियाणा एसटीएफ भी जांच में सक्रिय हो गई है। टीम ने सोनीपत और रोहतक में कई स्थानों पर दबिश दी है। वहीं, शामली पुलिस ने छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस गैंगवार समेत हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts