खेल, फिटनेस और अनुशासन से बनेगा मजबूत भारत

शोभित विवि में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन

मेरठ। शोभित विवि में ‘माई भारत–राष्ट्रीय खेल दिवस 2026’ के अंतर्गत ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और युवा खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. त्यागी ने खेल और फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर नहीं बनाते, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना और देखा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं में खेल भावना, फिटनेस और अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय पहलवान, राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुश्री अलका तोमर की उपस्थिति रही। उत्तर प्रदेश के सिसौली की रहने वाली राष्ट्रीय महिला कुश्ती चैंपियन और 2006 दोहा एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता अलका तोमर ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने अपने खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से चुनौतियों का डटकर सामना करने, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और कभी हार न मानने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके ससुर श्री महिपाल सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा यजुर्वेदी ने किया। समापन अवसर पर डॉ. क्षमता चौहान, निदेशक, नाइस एसबीएस, ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी डीन एवं डायरेक्टर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान युवाओं से खेल एवं फिटनेस को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, आत्मविश्वासी और मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts