महिला आयोग की सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल और वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण
मेरठ, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल और डॉ. मीनाक्षी भराला ने मंगलवार को मेरठ में विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा सर्किट हाउस में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में कराया अन्नप्राशन
दोनों सदस्यों ने सबसे पहले रेसना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने कक्षा तीन और चार के विद्यार्थियों से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछकर शैक्षिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों की सराहना करने के साथ उनकी कविताएं भी सुनीं।
घरेलू हिंसा और पुलिस कार्रवाई की शिकायतें सुनीं
इसके बाद सर्किट हाउस में संयुक्त महिला जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें घरेलू हिंसा, पति द्वारा मारपीट और पुलिस द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई नहीं किए जाने से संबंधित मामले सामने आए। आयोग की सदस्यों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. हिमानी अग्रवाल और डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समाधान अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखें। पुलिस अधिकारियों को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आयोग की सदस्यों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से पीड़ित एवं जरूरतमंद महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों को पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाने तथा लाभार्थीपरक योजनाओं में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा विद्यालय और वृद्धाश्रम की व्यवस्थाएं परखीं
जनसुनवाई के बाद सदस्यों ने पूर्वा अहिरान स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इसके बाद परतापुर खेड़ा बलरामपुर गांव स्थित समाज कल्याण विभाग के वृद्धाश्रम ‘दादा-दादी निवास’ का निरीक्षण किया गया। सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे महिला और पुरुषों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही खान-पान, रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव, महिला थाना से सौम्या सिंह, इंस्पेक्टर सतीश गुप्ता, परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर आदेश कुमार, एसआई नीतू गौतम, एसीएमओ कांति पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment