काकीनाडा के वांछित आरोपी को मेरठ पुलिस ने दबोचा
हत्या और परिवार के तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, बेगमपुल मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तारी
मेरठ। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में हत्या और एक ही परिवार के तीन लोगों को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित शूटिंग कोच शेख सादिक खान को मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से फरार था और आंध्र प्रदेश पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के बाद उसे आंध्र प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सुसाइड नोट से सामने आया मामला
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल में पंचायत राज विभाग में सहायक अभियंता 61 वर्षीय नूका राजू ने 16 अगस्त की रात अपनी पत्नी मीना, बेटी सौजन्या और 10 वर्षीय पोते कार्तिकेय रेड्डी के साथ राजमहेंद्रवरम स्थित रोड-कम-रेल ब्रिज से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी थी।
हादसे में कार्तिकेय को मछुआरों ने बचा लिया, जबकि बाद में नूका राजू और अन्य के शव बरामद किए गए। पुलिस को कार की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें परिवार ने कथित तौर पर शूटिंग कोच सादिक खान को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया था।
पुलिस के मुताबिक सादिक काकीनाडा में शूटिंग अकादमी चलाता था और नूका राजू का पोता वहां शूटिंग सीखता था। आरोप है कि सौजन्या के पति जगदीश रेड्डी की मौत के बाद सादिक उसे परेशान करने लगा था। परिवार ने सादिक पर धमकी देने और लगातार परेशान करने का आरोप लगाया था। इसके आधार पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया गया।
जगदीश की हत्या का भी आरोप
मामला सामने आने के बाद जगदीश रेड्डी के पिता भास्कर रेड्डी ने सादिक पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाया। उनका दावा था कि 2 जुलाई को जगदीश को जहरीला इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई। इसके बाद काकीनाडा के सर्पावरम थाने में सादिक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
दिल्ली के दोस्त से मिला सुराग
मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक आंध्र प्रदेश पुलिस के संपर्क करने के बाद मेरठ पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि सादिक दिल्ली में रहने वाले एक दोस्त के संपर्क में है। पुलिस ने उसके दोस्त से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि आरोपी दिल्ली से मेरठ आने वाला है।
इसके बाद मेरठ पुलिस ने मेट्रो स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी। सूचना के आधार पर शुक्रवार को बेगमपुल मेट्रो स्टेशन के बाहर पुलिस टीम ने सादिक को दबोच लिया।
ट्रांजिट रिमांड पर आंध्र ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नौचंदी थाने लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया और शनिवार को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
आरोपी की पहचान शेख सादिक खान पुत्र शेख सिकंदर आजम खान, निवासी काकीनाडा, आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है।
मेरठ पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसएसपी मेरठ बीबी जीटीएस मूर्ति ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के नेतृत्व में काम करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

No comments:
Post a Comment