उद्योग बंधु की बैठक में डीएम के सख्त निर्देश, औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई और प्रकाश व्यवस्था होगी दुरुस्त

लोहियानगर कैंची क्लस्टर में जल्द स्थापित होगी पुलिस चौकी, मेवला फ्लाईओवर की सड़क मरम्मत पूरी

मेरठ, 27 अगस्त। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक की शुरुआत में उपायुक्त उद्योग ने जिलाधिकारी, अधिकारियों और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न औद्योगिक मुद्दों पर चर्चा की गई।

कैंची क्लस्टर में जल्द बनेगी पुलिस चौकी

लोहियानगर स्थित कैंची क्लस्टर में पुलिस चौकी की स्थापना के संबंध में जिलाधिकारी ने मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा चिन्हित भूमि पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग, एमडीए और औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर नियमानुसार पुलिस चौकी की स्थापना शीघ्र कराने को कहा।

मेवला फ्लाईओवर की सड़क मरम्मत पूरी

मेवला फ्लाईओवर की सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। इस दौरान आईआईए के सचिव ने अमर उजाला से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक बने नाले की फेंसिंग वाल की मरम्मत कराने का अनुरोध किया।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि नाला निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर जारी किया जा चुका है और 15 दिन के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य जल्द शुरू कराने और उसकी प्रगति के फोटो उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्पोर्ट्स एनक्लेव में सफाई और रोशनी के निर्देश

स्पोर्ट्स एनक्लेव में साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की समस्या का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित सफाई कराने और प्रकाश व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के अधिशासी अभियंता, यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts