गुरु रविदास जयंती वर्ष पर मेरठ कैंट में गूंजा समरसता का संदेश
विधायक अमित अग्रवाल ने धार्मिक आयोजनों में लिया सामाजिक एकता का संकल्प
मेरठ। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने सहभागिता कर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
कंकरखेड़ा मंडल के प्राचीन श्री शिव मंदिर में विधायक ने पंडित सुरेश त्रिपाठी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा फल-मिठाई भेंट कर आशीर्वाद लिया। सोफीपुर में आयोजित श्री शिवमहापुराण में पहुंचकर उन्होंने पंडित अरविंद शास्त्री को सम्मानित किया।
पटेल नगर मंडल के नेताजी नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कलश यात्रा में भी विधायक अमित अग्रवाल शामिल हुए और सामाजिक एकता व समरसता का संकल्प लिया। इस दौरान पंडित रविशंकर शास्त्री को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। गंगानगर मंडल के कसेरु खेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कलश यात्रा में भी उन्होंने सहभागिता की।
विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन और उनके विचार समानता, भाईचारे, सेवा और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समरस और सशक्त समाज का निर्माण करना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रयास है। गुरु रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनके आदर्शों के अनुरूप भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रमों में संबंधित मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, पार्षद, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment