सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद’ का भव्य आयोजन

पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने युवाओं से खेलों से जुड़ने का किया आह्वान, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान

मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ में खेलो इंडिया के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि राजेंद्र अग्रवाल रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को खेलों से जोड़ना चाहिए, जिससे उसका सर्वांगीण विकास हो और देश समृद्ध एवं सशक्त बने।

पीएम मोदी के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और देखा।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के समन्वयक डॉ. पुरुषोत्तम तोमर ने किया। उनके प्रभावी संचालन ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी केयूर मिश्रा तथा ताइक्वांडो खिलाड़ी कुमारी तमन्ना भुसाल उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय की ओर से दोनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

वहीं मुख्य अतिथि राजेंद्र अग्रवाल को कुलपति की ओर से विश्वविद्यालय का प्रतीक चिह्न एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कुलपति के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों से राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और स्वयंसेविकाओं ने भी सक्रिय सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का आयोजन खेलो इंडिया विभाग एवं विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयासों से किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) डॉ. डीके सिंह, कुलसचिव डॉ. वीपी सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ. कमल खिलाड़ी, कृषि संकाय की अधिष्ठाता डॉ. श्रेया रावत, डॉ. अतुल सिंह, डॉ. मुकेश पहलवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा पीढ़ी तैयार करने के संकल्प के साथ सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts