रंगीन आम की नई किस्मों का मातृ खंड स्थापित, डीएम ने किया पौधरोपण
मेरठ। राजकीय केन्द्रीय पौधशाला मछरी में आम की रंगीन प्रजातियों के मातृ खंड की स्थापना के तहत जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने आम की नवीन प्रजातियों पूसा अरुणिमा, पूसा सूर्या, पूसा मनोहारी, पूसा अंबिका तथा हाईब्रिड प्रजाति मायामा का रोपण किया। इस दौरान जिला उद्यान अधिकारी ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को रंगीन आम की प्रजातियों की विशेषताओं की जानकारी दी।
अधिकारियों को बताया गया कि इन प्रजातियों के फलों का बाहरी रंग लाल, पीला और चमकदार होता है, जबकि गूदे का रंग पीला रहता है। स्वाद सामान्य आम की अन्य प्रजातियों जैसा ही होता है। जनपद में दशहरी, चौसा, लंगड़ा और गुलाब जामुन जैसी व्यावसायिक किस्मों के साथ अब रंगीन आम की प्रजातियों की भी मांग बढ़ रही है। इसी को देखते हुए पौधशाला में इनका मातृ खंड स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग की गतिविधियों से जुड़े करीब 100 प्रगतिशील किसान मौजूद रहे। ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को प्रति बैग पांच-पांच फलदार पौधे वितरित किए।
हाईटैक नर्सरी का निरीक्षण
जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय औद्यानिक प्रक्षेत्र मछरी में संचालित हाईटैक नर्सरी का भी निरीक्षण किया। जिला उद्यान अधिकारी ने नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की जानकारी दी। बताया गया कि इसका संचालन महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। समूह की अध्यक्ष रीना मलिक ने ऑटोमैटिक सीडलिंग मशीन का डेमोस्ट्रेशन किया।
नर्सरी में गुलदाउदी, टमाटर, स्ट्रॉबेरी और पत्तागोभी सहित विभिन्न फसलों के पौधे तैयार किए जा रहे हैं। वर्तमान में नर्सरी बिजली से संचालित होने के कारण अधिक बिजली बिल आने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने वहां सोलर पैनल लगवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में अधिक से अधिक औद्यानिक फसलों के पौध तैयार करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता की पौध उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, खंड विकास अधिकारी दौराला सहित प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment