हथकरघा की खूबसूरती ने बिखेरी रंगों की छटा, रैंप पर दिखीं पारंपरिक साड़ियां
12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकर सेवा केंद्र में भव्य आयोजन, डीएम ने किया उत्पादों के स्टॉल और डिजाइन सेंटर का निरीक्षण
मेरठ, 7 अगस्त। बुनकर सेवा केंद्र, मेरठ में शुक्रवार को 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हथकरघा उत्पादों की प्रदर्शनी, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण और आकर्षक रैंप वॉक मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह रहे। मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और अपर आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ने विभिन्न जनपदों से लगाए गए हथकरघा उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ललितपुर की साड़ियों, आगरा की दरी और बागपत की बेडशीट समेत अन्य उत्पादों की सराहना की। इसके बाद प्रोसेसिंग सेक्शन, डिजाइन सेक्शन और डिजाइन रिसोर्स सेंटर (डीआरसी) का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी ली।
गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक अपनाएं बुनकर
जिलाधिकारी ने कहा कि हथकरघा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। बुनकर गुणवत्ता, नवाचार और आधुनिक तकनीक को अपनाकर उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करें। उन्होंने बुनकरों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार
कार्यक्रम में के.एल. इंटरनेशनल स्कूल और सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए। एम/एस बंसल टेक्सटाइल्स द्वारा तैयार हथकरघा कैनवास पेंटिंग का उद्घाटन और एम/एस मास्टर वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के जीआई बागपत फर्निशिंग लोगो का लोकार्पण भी किया गया। हथकरघा कैनवास पेंटिंग और हॉर्स पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए गए।
रैंप वॉक में दिखी हथकरघा की विरासत
कार्यक्रम के अंत में आयोजित हथकरघा रैंप वॉक ने सभी का ध्यान खींचा। इसमें मेरठ क्षेत्र के विभिन्न जनपदों की पारंपरिक हथकरघा साड़ियों को आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया गया। रैंप वॉक के जरिए स्थानीय बुनकरों की उत्कृष्ट शिल्पकला, पारंपरिक डिजाइनों और भारतीय हथकरघा की समृद्ध विरासत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर बुनकर सेवा केंद्र के उप निदेशक तपन शर्मा, सहायक निदेशक सुरेन्द्र सिंह, टेक्सटाइल डिजाइनर सुप्रिया द्विवेदी, टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट वैशाली तिवारी एवं वसीम अहमद सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, बुनकर, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment