सितंबर में यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बिल पर 604 करोड़ रुपये की छूट
FPPAS में 7.93 प्रतिशत की कटौती, लगातार तीसरे महीने घटेगा बिजली बिल का बोझ
लखनऊ, 27 अगस्त। उत्तर प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं को सितंबर में बिजली बिल में बड़ी राहत मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने ईंधन एवं बिजली खरीद समायोजन अधिभार (FPPAS) में 7.93 प्रतिशत की कटौती का आदेश जारी किया है। इससे प्रदेशभर के उपभोक्ताओं को सितंबर के बिल में करीब 604 करोड़ रुपये का सीधा लाभ मिलेगा।
लगातार तीसरे महीने बिजली बिल में राहत
UPPCL के आदेश के अनुसार जून 2026 में बिजली खरीद लागत में आई कमी का लाभ उपभोक्ताओं को सितंबर के बिल में दिया जाएगा। इससे पहले जुलाई में FPPAS में 4.43 प्रतिशत और अगस्त में 2.92 प्रतिशत की कटौती की गई थी। सितंबर में 7.93 प्रतिशत की कटौती के साथ उपभोक्ताओं को लगातार तीसरे महीने बिजली खरीद लागत में कमी का फायदा मिलेगा।
603.79 करोड़ रुपये का होगा समायोजन
जून 2026 में प्रदेश में कुल 16,576.69 मिलियन यूनिट (MU) बिजली खरीदी गई। बिजली खरीद लागत में 0.32 रुपये प्रति यूनिट का अंतर सामने आया। वास्तविक बिजली खरीद लागत 4.62 रुपये प्रति यूनिट रही, जबकि टैरिफ ऑर्डर में स्वीकृत दर 4.94 रुपये प्रति यूनिट थी।
जून में वास्तविक ट्रांसमिशन चार्ज 1,003.33 करोड़ रुपये रहा, जबकि बेस ट्रांसमिशन कॉस्ट 979.35 करोड़ रुपये निर्धारित थी। समायोजन के बाद 105.13 करोड़ रुपये का एडजस्टमेंट फैक्टर सामने आया।
सितंबर 2026 के लिए अनुमानित बिजली बिक्री 11,975.87 मिलियन यूनिट रखी गई है। औसत बिलिंग दर 6.36 रुपये प्रति यूनिट के आधार पर कुल समायोजन राशि 603.79 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसी आधार पर सितंबर के लिए कुल FPPAS -7.93 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
बचत का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था
उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा के अनुसार FPPAS व्यवस्था का उद्देश्य बिजली खरीद लागत में होने वाली बचत का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विद्युत नियामक आयोग के नियमों के तहत संबंधित अवधि की वास्तविक बिजली खरीद लागत के आधार पर ही समायोजन किया जाना चाहिए।
इस कटौती का असर सितंबर में जारी होने वाले बिजली बिलों पर दिखाई देगा और प्रदेश के घरेलू समेत अन्य श्रेणी के पात्र उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलेगी।


No comments:
Post a Comment