सेंट्रल मार्केट प्रकरण में वार्ता विफल, 2 सितंबर को मेरठ बंद और प्रदर्शन पर अड़े व्यापारी

अधिकारियों ने बंद वापस लेने की अपील की, व्यापारियों ने कहा- मांगों पर ठोस समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन

मेरठ, 27 अगस्त। सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर गुरुवार को व्यापारियों और अस्पताल संचालकों की जिलाधिकारी तथा अपर आवास सचिव नीरज शुक्ला के साथ हुई बैठक बेनतीजा रही। अधिकारियों की ओर से स्थानीय स्तर पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और व्यापारियों का मांग पत्र शासन स्तर पर भेजने का भरोसा दिया गया, लेकिन व्यापारी इससे संतुष्ट नहीं हुए। बैठक के बाद व्यापारियों ने 2 सितंबर को मेरठ बंद और आवास विकास कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान दोहराया।

बैठक में सेंट्रल मार्केट प्रकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं और व्यापारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। अपर आवास सचिव नीरज शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों के मांग पत्र को विभागीय स्तर पर अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। कानूनी दायरे में जो भी कार्रवाई संभव होगी, उसे विभागीय स्तर पर किया जाएगा। अधिकारियों ने व्यापारियों, अस्पताल संचालकों और अन्य संबंधित लोगों का पक्ष भी सुना।

बंद वापस लेने की अपील, व्यापारी नहीं माने

बैठक के दौरान अधिकारियों ने 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद का आह्वान नहीं करने की अपील की। अधिकारियों का कहना था कि प्रकरण को लेकर व्यापारियों से विस्तार से वार्ता हो चुकी है और उनकी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके बावजूद व्यापारी बंद वापस लेने को तैयार नहीं हुए।

बार एसोसिएशन समेत कई संगठनों से मांगा समर्थन

बंद के समर्थन में व्यापारियों का जनसंपर्क अभियान जारी है। व्यापारी मेरठ बार एसोसिएशन, जिला बार एसोसिएशन, जैन समाज और विभिन्न बाजारों में पहुंचकर समर्थन मांग रहे हैं। व्यापारियों का दावा है कि उन्हें लगातार विभिन्न संगठनों और बाजारों से समर्थन मिल रहा है।

समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने कहा कि न्यायालय के माध्यम से कार्रवाई और शासन को मांग पत्र देना अलग प्रक्रिया है, जबकि जन आंदोलन अलग प्रक्रिया है। इसलिए मांग पत्र शासन को भेजने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी और जनसंपर्क अभियान भी चलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि 2 सितंबर को ऐतिहासिक बंद और प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस समाधान नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts