NTA में बड़े प्रशासनिक बदलाव, 47 अधिकारियों की सेवा समाप्त

नई भर्ती प्रक्रिया शुरू, 4 जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स की होगी नियुक्ति

नई दिल्ली, 24 जुलाई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में बड़े प्रशासनिक बदलाव शुरू कर दिए हैं। एजेंसी ने 47 अधिकारियों की सेवा समाप्त करने के साथ ही नई नियुक्तियों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इनमें चार जनरल मैनेजर और 16 यंग प्रोफेशनल्स के पद शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, जनरल मैनेजर के पदों पर भर्ती संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के ‘प्रतिभा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में दक्षता बढ़ाना और एजेंसी की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह बनाना है।

सूत्रों के मुताबिक, सेवा से हटाए गए कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। यह कदम हाल के वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं, विशेषकर NEET, को लेकर उठे विवादों और अनियमितताओं के बाद उठाया गया है।

वर्ष 2017 में स्थापित NTA ने 2018 से अब तक लगभग 270 परीक्षाओं का आयोजन किया है, जिनमें 6.60 करोड़ से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। वर्ष 2026 में एजेंसी अब तक 12 परीक्षाएं आयोजित कर चुकी है, जिनमें करीब 65 लाख उम्मीदवारों ने भाग लिया।

वर्तमान में NTA में 39 स्वीकृत स्थायी पद हैं, जिनमें 24 पदों पर नियुक्तियां हैं, जबकि 15 पद रिक्त हैं। इसके अलावा 73 कर्मचारी संविदा पर और 124 कर्मचारी आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत हैं।

सरकार ने संकेत दिए हैं कि परीक्षा सुधारों की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसी क्रम में शिक्षा मंत्रालय में प्रशासनिक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं और एजेंसी के ढांचे को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुधार लागू किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts