महापंचायत के लिए किसानों का दिल्ली कूच
हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर किया सील
चंडीगढ़/नई दिल्ली, 21 जुलाई। किसानों की प्रस्तावित महापंचायत को लेकर मंगलवार सुबह पंजाब और हरियाणा से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर रवाना हुए। इस बीच हरियाणा पुलिस ने एहतियात के तौर पर शंभू बॉर्डर को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया, जिससे दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, किसान संगठन भारत-अमेरिका के प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में दिल्ली में महापंचायत आयोजित कर रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि यदि अमेरिकी कृषि, डेयरी और पोल्ट्री उत्पाद भारतीय बाजार में बड़े पैमाने पर आते हैं तो इससे देश के छोटे किसानों और कृषि आधारित आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
महापंचायत में देशभर के विभिन्न किसान संगठनों के शामिल होने का दावा किया गया है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए, जबकि हरियाणा में कुछ किसान नेताओं को एहतियातन नजरबंद किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
शंभू बॉर्डर बंद होने से पंजाब से हरियाणा होते हुए दिल्ली जाने वाले ट्रकों और अन्य वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कई वाहनों को वापस लौटाया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
किसान संगठनों का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल एक दिन की महापंचायत में भाग लेना है और इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट जाएंगे। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण कार्यक्रम के बावजूद उन्हें दिल्ली जाने से रोका जा रहा है।
शंभू बॉर्डर को अचानक से सुबह तड़के हरियाणा पुलिस के द्वारा बंद किए जाने के बाद जितने भी वाहन पंजाब से हरियाणा होते हुए दिल्ली की और आ रहे हैं उन्हें काफी परेशानी हो रही है. बड़े-बड़े ट्रक शंभू बॉर्डर के पास फ्लाईओवर पर फंस गए हैं जिन्हें पंजाब पुलिस के द्वारा पंजाब की सीमा से यू-टर्न रवाकर वापस भेजा जा रहा है.
ट्रक चालकों ने कहा कि उन्हें इस वजह से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इससे पहले भी डेढ़ साल पहले शंभू बॉर्डर पर किसानों की वजह से ऐसी ही स्थिति बनी थी तब भी वो काफी परेशान हुए थे. मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने बॉर्डर सील किया है, इस वजह से गाड़ियों को वापस भेजा जा रहा है.
भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के प्रवक्ता तेजवीर सिंह ने हरियाणा पुलिस के द्वारा शंभू बॉर्डर पर दोनों तरफ से नेशनल हाईवे बंद किए जाने की स्थिति पर कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने कहा कि किसान सिर्फ एक दिन की महापंचायत में शामिल होने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं लेकिन फिर भी हरियाणा पुलिस के द्वारा उन्हें रोकने के लिए ये सब बंदोबस्त किए गए हैं जो गलत है
वहीं, पुलिस का कहना है कि राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।


No comments:
Post a Comment